जिला न्यायालय में पेशी पर आया बंदी हथकड़ी तोड़कर भागा
– पुलिस ने चेकिंग और तलाशी अभियान चलाया, सीसीटीवी में भागते दिखा
वाराणसी,29 अगस्त (हि.स.)। जिला न्यायालय में गुरूवार को पेशी पर आया बंदी हथकड़ी तोड़ पुलिस कर्मियों को चकमा देकर भाग निकला। इस दौरान एक पुलिस कर्मी ने उसे रोकने के लिए पकड़ने का प्रयास किया तो उसे धक्का देकर गिरा दिया। घटना की जानकारी पाते ही अफसरों में हड़कम्प मच गया। फरार बंदी के गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।
बड़ागांव पुलिस ने कुड़ी गांव निवासी महफूज अहमद (23) को मोबाइल और सोने की चेन चोरी के आरोप में नामजद तहरीर पर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेशी पर लाया था। सिपाही सुधाकर सिंह उसे न्यायालय लाया था। आरोपी को एसीजीएम वर्तिका शुभानंद की अदालत में पेश किया जाना था। पेशी की पुकार होने पर सिपाही ने महफूज को न्यायालय के लॉकअप से निकालकर कोर्ट तक पहुंचाया। इसी दौरान गमछे के अंदर महफूज ने हथकड़ी खोल ली और भीड़ भरे कोर्ट के बाहर सिपाही सुधाकर को धक्का देकर गिरा दिया और मौके से भाग निकला। आरोपी के फरार होते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। कंट्रोल रूम की सूचना पर अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। डीसीपी और एडीसीपी ने मौके पर निरीक्षण किया। बड़ागांव पुलिस आरोपी के घर और करीबियों के यहां दबिश दे रही है। सीसीटीवी फुटेज में बंदी न्यायालय से भागता हुआ दिखाई दिया।
गौरतलब हो कि रामनगर निवासी अंबरीश कुमार सिंह ने बीते 26 अगस्त को थाने में तहरीर दिया था कि कमरे में सोया था। रात लगभग 2.30 बजे दो युवक दीवार फांदकर घर में घुस आए। कमरे से मेरा मोबाइल और सोने की चेन समेत कैश लेकर भाग गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकमदा दर्ज किया था। इसी मामले में महफूज आलम की गिरफ्तारी हुई थी।