कांग्रेस की रैली में आ रहा टेम्पा पलटा, घायलों को अस्पताल छोड़कर भागे कार्यकर्ता
पलामू, 12 सितंबर (हि.स.)। कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में शामिल होने के लिए पलामू प्रमंडल के नौ विधानसभा क्षेत्रों के उम्मीदवार रैली के साथ मेदिनीनगर पहुंचे। विश्रामपुर विधानसभा सीट से संभावित उम्मीदवार कांग्रेस नेत्री पूर्णिमा पांडेय भी रैली लेकर पहुंची थी।
उनकी रैली में शामिल होने के लिए महिला कार्यकर्ता टेम्पो से आ रहे थे, लेकिन अचानक कजरी एवं बड़कागांव के बीच दो हाइवा के बीच टेम्पो के आ जाने पर ब्रेक नहीं लग पाने से वाहन पलट गया, जिससे उस पर सवार चालक समेत दस कार्यकर्ताओं में से आधा दर्जन जख्मी हो गए। सभी को इलाज के लिए एमआरएमसीएच में लाया गया, लेकिन उन्हें यहां लाने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता फरार हो गए। महिला कार्यकर्ता एवं उसके घायल बच्चे का इलाज किया गया। चालक अमरिका भुइयां को ज्यादा चोट आयी है। पैर फ्रेक्चर कर गया है। घायलों में चालक के अलावा ब्रहमोरिया की मुन्नी देवी, संगीता देवी, आरती कुमारी, हीना देवी एवं एक छोटा बच्चा भी शामिल है।
—————