माकपा नेता सीताराम येचुरी का निधन
झारखंड के सभी कार्यालयों का पार्टी का झंडा एक सप्ताह तक रहेगा झुका
रांची, 12 सितंबर (हि.स.)। माकपा के राज्य सचिवमंडल ने पार्टी के अखिल भारतीय महासचिव सीताराम येचुरी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। राज्य सचिव प्रकाश विप्लव ने बताया कि गुरुवार को तीन बजकर तीन मिनट पर दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में उनका निधन हो गया। वे 72 वर्ष के थे। उनके निधन का समाचार मिलते ही उनके सम्मान में झारखंड में माकपा के सभी पार्टी कार्यालयों में अगले एक सप्ताह तक पार्टी का झंडा झुका रहेगा।
उन्होंने बताया कि वे एक मेघावी छात्र थे जिन्होंने अखिल भारतीय बोर्ड की परीक्षा में पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। बहुत ही कम उम्र में वे पार्टी की केन्द्रीय कमिटी और बाद में पोलित ब्यूरो के सदस्य चुने गए। वे राज्यसभा के भी सदस्य रहे थे।
उन्होंने बताया कि झारखंड के गठन से पूर्व 10 नवंबर 2000 को उनके देख-रेख में ही पार्टी की झारखंड राज्य कमिटी का गठन किया गया था। वे झारखंड बनने के बाद पोलित ब्यूरो की ओर से कई वषों तक झारखंड के प्रभारी भी रहे उनके निधन से देश के कम्युनिस्ट एवं वाम आंदोलन को भारी क्षति हुई है। उन्होंने कई पुस्तकें भी लिखी हैं। संसद में जब सीताराम बोलते थे सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों उनकी बात ध्यान से सुना करते थे।
उनके निधन पर झारखंड मे पार्टी की सभी इकाइयों द्वारा शोक सभा, उनकी याद में जूलूस इत्यादि का कार्यक्रम शुक्रवार से शुरू हो जाएगा।
15 सितंबर को रांची में उनकी स्मृति में एक विशाल हाल मिटिंग की जाएगी। उनकी अंतिम इच्छा और उनके परिवार की रजामंदी से 14 सितंबर को उनका शरीर एम्स के मेडिकल छात्रों के रिसर्च के लिए दान कर दिया जाएगा। इसके पहले उनका पार्थिव शरीर पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में रखा जाएगा।
—————