गोरहो नाला एवं उसपर बनी छलका पुलिया को अतिक्रमण मुक्त करने की गुहार
पलामू, 19 सितंबर (हि.स.)। मेदिनीनगर सदर प्रखंड के सुआ कौड़िया के ग्रामीणों ने उपायुक्त से मिलकर गांव को शहर से जोड़ने वाले गोरहो नाला एवं उसपर बने छलका पुलिया को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की। नेतृत्व आजाद समाज पार्टी प्रदेश उपाध्यक्ष सह डालटनगंज-भंडरिया विधानसभा क्षेत्र के भावी विधायक प्रत्याशी अजय सिंह चेरो ने किया। इसके लिए हस्ताक्षर युक्त आवेदन भी दिया गया।
मौके पर श्री सिंह ने उपायुक्त के समक्ष कहा कि विष्णुदेव राम एवं दिलीप साव के द्वारा करीब चार महीने से उपरोक्त नाले एवं उसपर बने पुलिया का अतिक्रमण किया जा रहा है।
ग्रामीण एवं उनके बीच बार-बार बैठक की गई, परंतु वे ग्रामीण पंचों के निर्णय को नहीं मानते हुए बार-बार उसपर अतिक्रमण करने के ख्याल से काम लगा दिया जा रहा है। सदर सीओ के द्वारा भी मापी कर खुटागड़ी करते हुए नाला एवं उसपर बनी पुलिया को अतिक्रमण मुक्त करने का आदेश किया गया था। अंचल आमीन द्वारा मापी कर खुटागड़ी भी की गयी थी, किंतु सीओ के आदेश का भी उल्लंघन करते हुए अतिक्रमण कर लिया गया। नाले में लगी हयूम पाइप को ईट, बालू एवं सीमेंट से जोड़ाई कर बंद कर दिया गया तथा नाले में टूटी हुई बिल्डिंग के मलवे को डाल कर 6 से 7 फीट ऊंचा करके नाले को जाम कर दिया गया है।
बीते तीन चार दिनों की मूसलाधार बारिश का पानी रुक गया और ऊपर में की गयी धान की फसल डूब गयी एवं प्रतिदिन हजारों लोगों के आने जाने वाला यह रास्ता पूरी तरह बाधित हो गया है। लोगों का शहर से संपर्क टूट गया है। बाढ़ के बहाव ने बहुत से मलबे को बहा दिया। पानी निकास के लिए किसी तरह जेसीबी मंगा करके मलबा को हटाया गया। इस क्रम में विष्णु देव राम एवं दिलीप साव के लोगों के साथ नोक झोक भी हुई। मामला मारपीट तक पहुंचने वाला था, लेकिन लोगों ने समझदारी से काम लेते हुए इस समस्या का निदान करने के लिए उपायुक्त के पास पहुंचे।
उपायुक्त ने आश्वस्त करते हुए कहा कि तत्काल उपरोक्त दोषी व्यक्ति उस रास्ते एवं नाले को अतिक्रमण मुक्त करेंगे, नहीं तो उन पर कानूनी कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी का आदेश जारी किया जाएगा।
—————