भाजपा में नही होता ईमानदार और साफ छवि वाले कार्यकर्ताओं का सम्मान:कर्णदेव कांबोज

भाजपा में नही होता ईमानदार और साफ छवि वाले कार्यकर्ताओं का सम्मान:कर्णदेव कांबोज

— भाजपा छोड़कर वरिष्ठ नेता वेदप्रकाश (पप्पी) सैंकड़ों कार्यकर्ताओं सहित कांग्रेस में हुए शामिल

यमुनानगर, 21 सितंबर (हि.स.)। विधानसभा चुनाव के चलते यमुनानगर में भारतीय जनता पार्टी को उस समय बड़ा झटका लगा जब वरिष्ठ भाजपा नेता वेद प्रकाश (पप्पी) ने अपने सैकड़ो समर्थकों के साथ भाजपा को छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया। कांग्रेस प्रत्याशी रमन त्यागी ने इन सभी को पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर पूर्व मंत्री व ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कर्णदेव कंबोज भी उपस्थित रहें।

शनिवार को चूना भट्टी क्षेत्र में आयोजित कांग्रेस के एक कार्यक्रम में 35 वर्षों से भाजपा से जुड़े वरिष्ठ नेता वेदप्रकाश (पप्पी) अपने सैंकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा को छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए। इस मौके पर कांग्रेस प्रत्याशी रमन त्यागी ने पार्टी में शामिल हुए सभी साथियों को कांग्रेस पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया।

कांग्रेस के प्रत्याशी रमन त्यागी ने कहा कि कांग्रेस 36 बिरादरी की पार्टी है। सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी में पूरा मान- सम्मान दिया जाएगा। इस मौके पर पूर्व मंत्री एवम पूर्व भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष कर्णदेव कांबोज ने भाजपा पर जमकर अपनी भड़ास निकालते हुए कहा कि भाजपा में गुंडे और भ्रष्टाचारी लोगों का बोलबाला है, जिन्होंने प्रदेश को लूटने का काम किया। उन्होंने कहा कि भाजपा में ईमानदार और साफ छवि वाले कार्यकर्ताओं की ना तो इज्जत होती है और न ही उन्हें कोई मान-सम्मान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि इसी घुटन के कारण मैंने स्वयं भाजपा को छोड़ दिया। भाजपा ने चुनाव हारने के डर से मुख्यमंत्री को पांच महीने पहले बदला। लेकिन अब चेहरा बदलने से प्रदेश की जनता इन्हें वोट नही देगी। उन्होंने कहा कि आज वेद प्रकाश (पप्पी) के सैकड़ो समर्थकों सहित कांग्रेस पार्टी में शामिल होने से रमन त्यागी की जीत को और बढ़त मिलेगी।