39 वें राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े के समापन पर नेत्रदान महादान के नारे के साथ निकली जागरूकता रैली
मुरादाबाद, 08 सितम्बर (हि.स.)। सीएल गुप्ता नेत्र संस्थान एवं मुरादाबाद नागरिक समाज की ओर से 39वें राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े का समापन रविवार को धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर संस्था के द्वारा नेत्रदान महादान के नारे लगाते हुए पूरे जोश के साथ जागरूकता रैली निकाली गई। राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े के दौरान विभिन्न स्कूल कॉलेजों में हुई स्लोगन एवं पोस्टर प्रतियोगिता के विजेताओं को आईएमए हाल में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया गया।
जागरूकता रैली को गुरविंदर सिंह, संजीव वर्मा एवं रवि टंडन ने झंडा दिखाकर शुरू किया। रैली बुध बाजार, टाउनहॉल, गंज बाजार, गुरहट्टी चौराहा होते हुए कचहरी स्थित आईएमए भवन पर संपन्न हुई। इसके बाद आईएमए भवन में आयोजित कार्यक्रम में स्लोगन एवं पोस्टर प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में आईएमए मुरादाबाद के प्रेसिडेंट डॉ. रवि गंगल एवं विशिष्ट अतिथि आईएमए मुरादाबाद की सेक्रेटरी डॉ. श्रुति खन्ना उपस्थिति रहीं। सीएल गुप्ता आई इंस्टीट्यूट की ट्रस्टी शिखा गुप्ता ने बताया कि उनका संस्थान 33 प्रतिशत नेत्र चिकित्सा की सुविधा गरीब और असहाय लोगों के लिए निःशुल्क प्रदान करता है। इंस्टीट्यूट की वाइस चेयरपर्सन डॉ. आशी खुराना ने बताया कि संस्थान पूरे यूपी में नेत्रदान के लिए प्रथम नंबर पर अंकित हुआ है। आई बैंक के डायरेक्टर डॉ. अजीत ने सभी को नेत्रदान से जुड़ी विशेष जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में 41 मुस्लिम समुदाय के लोगों को नेत्रदान के संकल्प पत्र दिया गया। संचालन सीएल गुप्ता आई इंस्टीट्यूट की जनसंपर्क अधिकारी गरिमा सिंह ने किया।