ज्ञान से बड़ा कोई हथियार नहीं : डॉ. राजकुमार सांगवान
मेरठ, 11 सितम्बर (हि.स.)। बागपत के रालोद सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने कहा कि ज्ञान, मानव जीवन का सबसे महत्वपूर्ण और शक्तिशाली साधन है। यह वह अदृश्य शक्ति है जो न केवल व्यक्ति के जीवन को बदल देती है, बल्कि समाज और दुनिया में भी सकारात्मक परिवर्तन ला सकती है।
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के अटल सभागार में बुधवार को टेबलेट वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने कहा कि ज्ञान से बड़ा कोई हथियार नहीं है। ज्ञान न केवल हमें आत्मनिर्भर बनाता है, बल्कि जीवन की चुनौतियों से निपटने के लिए भी सशक्त करता है। चाहे वह सामाजिक सुधार हो, वैज्ञानिक आविष्कार हो, या आध्यात्मिक उन्नति हर क्षेत्र में ज्ञान ने ही मानवता को आगे बढ़ाया है। कार्यक्रम में भौतिक विज्ञान विभाग के पांच छात्र, अंग्रेजी विभाग के सात छात्र तथा समाजशास्त्र विभाग के 24 छात्र-छात्राओं को टेबलेट वितरित किए गए।
विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने कहा कि सकारात्मक सोच आपके पूरे जीवन को प्रभावित कर सकती है। विश्वविद्यालय में आपके पास बहुत साधन है जिस जिसका उपयोग कर आप अपने जीवन को सफल बना सकते हैं। अपने लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं। लेकिन उसके लिए आपको मेहनत करनी होगी। सरकार द्वारा जो यह टैबलेट फोन आपको दिए गए हैं उसका उपयोग आप अपने ज्ञान में वृद्धि करने के लिए करें। अन्य कार्यों के लिए आप सभी के पास फोन उपलब्ध है ही। डिजिटल दुनिया में रोज नए परिवर्तन होते हैं उसे परिवर्तन को जानने के लिए आप इसका उपयोग करें।
समाजशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. आलोक कुमार ने सभी का स्वागत किया जबकि भौतिक विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. अनिल मलिक ने कार्यक्रम की रूपरेखा रखी। अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रो. रविंद्र कुमार ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया । कार्यक्रम के दौरान प्रो. वीरपाल सिंह, प्रो. विजय मलिक, प्रो. अनुज कुमार, प्रो. प्रदीप चौधरी, डॉ. योगेंद्र गौतम, डॉ. अनिल यादव, डॉ. दीपेंद्र चौधरी, डॉ. अरविंद सिरोही, प्रेस प्रवक्ता मितेंद्र कुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे।