विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना बहुमूल्य योगदान दें युवा : डॉ अजीत कुमार सिन्हा

विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना बहुमूल्य योगदान दें युवा : डॉ अजीत कुमार सिन्हा

रांची, 24 सितंबर (हि.स.)। रांची विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना के 55वें स्थापना दिवस पर मंगलवार को कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ अजीत कुमार सिन्हा ने राष्ट्रीय सेवा योजना का झंडोत्तोलन किया । साथ ही गुब्बारों को उड़ाकर सभी कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित किया।

मौके पर बतौर मुख्य अतिथि कुलपति ने कहा कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में युवा बहुमूल्य योगदान दें और 2047 का भारत विकसित भारत के रूप में दिखाई पड़े। उन्होंने डॉ ब्रजेश कुमार को राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रमों के कुशल संचालन के लिए बधाई एवं धन्यवाद दिया ।उन्होंने युवा शक्ति को सबसे मजबूत बताया और कहा कि आज के समय में धनी वही है जिसके पास युवा शक्ति है । उन्होंने कहा कि आर यू के 10200 राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक हैं जो हमेशा सक्रिय रहते हैं । उनकी सराहना जितनी की जाए वह कम है । राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक प्रधानमंत्री के दिए गए मिशन 2047 के लिए विशेष रूप से तैयार हो रहे हैं और विकसित भारत का सपना पूरा करेंगे ऐसा मुझे पूर्ण विश्वास है।

रांची विश्वविद्यालय राष्ट्रीय सेवा योजना के डॉ ब्रजेश कुमार ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने बिरसा मुंडा और अन्य स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हुए उनके बलिदान के बारे में भी बताया। डॉ अरुण कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना सामाजिक कार्य करती है और हमारे कार्यकर्ता सामाजिक कार्य के लिए तत्पर रहते हैं। डॉक्टर अर्चना दुबे ने राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित किया और उनका उनका अपना आशीर्वाद प्रदान किया। इस दौरान रांची विमेंस कॉलेज की डॉक्टर कुमारी उर्वशी को उनके प्रोग्राम ऑफिसर के तौर पर पांच वर्षों के उत्कृष्ट कार्यकाल के लिए सम्मानित किया गया।

—————