थ्री लेयर सुरक्षा में रखी गईं जिले की तीनाें सीटाें की ईवीएम, 8 को होगी मतगणना

थ्री लेयर सुरक्षा में रखी गईं जिले की तीनाें सीटाें की ईवीएम, 8 को होगी मतगणना

फतेहाबाद, 6 अक्टूबर (हि.स.)। विधानसभा चुनाव होने के बाद फतेहाबाद के राजकीय महिला महाविद्यालय भोडिय़ाखेड़ा में बने स्ट्रांगरूम में थ्री लेयर की सुरक्षा

में जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों की ईवीएम को रखा गया। मतदान के बाद रविवार को दिनभर लोगों में चुनाव नतीजों को लेकर चर्चाएं होती रही। जिले के लोग तीनों सीटों पर कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला मान रहे हैं। मतगणना 8 अक्टूबर को होगी।

फतेहाबाद में 708 बूथों पर मतदान संपन्न होने के बाद शनिवार देर रात तक ईवीएम को भोडिया खेड़ा कॉलेज स्थित स्ट्रांग रूम में जमा करने का सिलसिला चलता

रहा। मतदान के बाद पोलिंग पार्टियां कड़ी सुरक्षा के बीच ईवीएम लेकर स्ट्रांग रूम तक पहुंची, जहां बनी टेबलों पर ईवीएम जमा करवाई गईं। यहां पर तीनों विधानसभाओं रतिया, फतेहाबाद, टोहाना के लिए अलग-अलग टेबल लगाई गई थीं। फतेहाबाद के राजकीय महिला महाविद्यालय में 8 अक्टूबर को मतगणना होगी।

स्ट्रांग रूम में ईवीएम जमा होने के बाद प्रत्याशियों ने अपनी-अपनी टीमों को यहां पर निगरानी के लिए तैनात किया। प्रशासन ने स्ट्रांग रूम के बाहर तीन लेयर की सुरक्षा तैनात की है। हालांकि इस बार अभी तक उम्मीदवारों के समर्थकों ने कोई टेंट लगाकर पहरेदारी शुरू नहीं की है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार फतेहाबाद जिले में कुल 74.8 प्रतिशत मतदान हुआ। टोहाना विधानसभा क्षेत्र में 2,31,884 मतदाताओं में से 1,79,445 मतदाताओं ने वोट डाला जो 77.4 प्रतिशत रहा। इसी प्रकार से फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र में 2,58,987 मतदाताओं में से 1,94,092 मतदाताओं ने वोट डाला जो 74. प्रतिशत रहा। रतिया विधानसभा क्षेत्र में 2,27,487 मतदाताओं में से 1,63,666 मतदाताओं ने वोट डाला जोकि 71.9 प्रतिशत रहा।