पलामू आयुक्त ने पांकी विस क्षेत्र के नीलाम्बर-पीताम्बरपुर में मतदान केंद्रों का लिया जायजा 

पलामू आयुक्त ने पांकी विस क्षेत्र के नीलाम्बर-पीताम्बरपुर में मतदान केंद्रों का लिया जायजा 

पलामू, 26 अक्टूबर (हि.स.)। प्रमंडल के विधानसभा क्षेत्रों में 13 नवंबर को होने वाले चुनाव में मतदान केन्द्रों पर सुविधाएं और दुरूस्त हों एवं मतदान पूर्व व्यापक तैयारी पूर्ण कराई जा सके, इसके लिए शनिवार को स्वयं प्रमंडलीय आयुक्त बाल किशुन मुंडा मतदान केन्द्रों पर पहुंचे। आयुक्त 75-पांकी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के नीलाम्बर-पीताम्बरपुर (लेस्लीगंज) प्रखंड क्षेत्र में अवस्थित विभिन्न मतदान केन्द्रों का भ्रमण कर आवश्यक न्यूनतम सुविधाओं का आकलन किया।

आयुक्त राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, राजोगाड़ी स्थित मतदान केंद्र संख्या 140, राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, रामसागर के मतदान केंद्र संख्या 151 एवं 152, राजकीयकृत मध्य विद्यालय, ओरिया के मतदान केंद्र संख्या 147 एवं 148 तथा राजकीयकृत बालक मध्य विद्यालय, नीलाम्बर-पीताम्बरपुर के मतदान केंद्र संख्या 137 एवं 139 का भ्रमण कर वहां उपलब्ध आवश्यक न्यूनतम सुविधाओं का आकलन करते हुए सुविधाएं बेहतर करने का निर्देश दिया।

आयुक्त ने कहा कि निर्वाचन आयोग के गाइडलाइन्स का शत-प्रतिशत अनुपालन करते हुए मतदान केंद्रों पर दिव्यांग एवं वरिष्ठ मतदाताओं के लिए आवश्यक न्यूनतम सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित कराएं। उन्होंने दिव्यांग एवं वरिष्ठ मतदाताओं के निबंधन, मतदान दिवस के दिन उनके लिए परिवहन की सुविधा, मतदान केन्द्रों पर रैंप एवं व्हील चेयर, मतदाताओं के लिए लगे लाइन के बीच उनकी सुविधा के लिए बेंच या कुर्सी लगाने, बारिश या धूप से बचाव के लिए शेड, शुद्ध पेयजल, स्वच्छ एवं क्रियाशील शौचालय, मतदान कक्ष में बिजली कनेक्शन, समुचित प्रकाश व्यवस्था, पंखा, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, मेडिकल कीट, मतदाताओं के सहयोग हेतु वोलेंटियर का सहयोग आदि से संबंधित आवश्यक न्यूनतम सुविधाओं का सूक्ष्मता से आकलन किया।

उन्होंने बालक एवं बालिकाओं के लिए अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था करने, उसमें रनिंग वाटर की व्यवस्था एवं ब्लीचिंग पाउडर डालकर शौचालय को स्वच्छ रखने, शौचालय जाने वाले रास्तों के लिए साइनेज लगाने संबंधी निर्देश दिया। उन्होंने मतदान केन्द्रों पर मतदान कराने आनेवाले मतदानकर्मियों की सुविधा का भी ख्याल रखते हुए न्यूनतम सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।

इस दौरान नीलाम्बर-पीताम्बरपुर प्रखंड के अंचल अधिकारी-सह-प्रभारी प्रखंड विकास पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह, प्रमंडलीय जनसंपर्क कार्यालय के एपीआरओ बिजय कुमार ठाकुर सहित कई मतदान केन्द्रों पर संबंधित बीएलओ एवं सुपरवाइजर उपस्थित थे।

—————