बनकट मोड़ से देवरी खुर्द तक सड़क निर्माण में भारी अनियमितता, बिना मिट्टी डाले जीएसबी बिछाने की जल्दबाजी

बनकट मोड़ से देवरी खुर्द तक सड़क निर्माण में भारी अनियमितता, बिना मिट्टी डाले जीएसबी बिछाने की जल्दबाजी

पलामू, 7 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के हुसैनाबाद प्रखंड के देवरी खुर्द पंचायत अंतर्गत बनकट मोड़ से देवरी खुर्द तक सड़क निर्माण में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। ग्रामीण कार्य विभाग, मेदिनीनगर प्रमंडल द्वारा राज्य संपोषित योजना के तहत 1.425 किमी लंबी इस सड़क के निर्माण के लिए एक करोड़ 49 लाख रुपये का प्राक्कलन स्वीकृत किया गया था। इस सड़क का शिलान्यास 16 अगस्त को स्थानीय विधायक के कार्यकर्ता और मुखिया द्वारा प्रोटोकॉल का उल्लंघन कर किया गया था।

ग्रामीणों के अनुसार सड़क निर्माण की प्रक्रिया की शुरुआत से ही घटिया कार्य किया जा रहा है। सड़क की पुरानी सतह को मिट्टी से भरने के बजाय जेसीबी से खरोंच कर उस पर रोलर चला दिया गया, ताकि यह दिख सके कि नया मिट्टी डाला गया है। यह प्रक्रिया मिट्टी भराई के लिए प्राक्कलित राशि को गटकने का तरीका प्रतीत हो रही है। स्थानीय जनता इस अनियमितता से हैरान है। इतना ही नहीं सड़क किनारे केवल दिखावे के लिए थोड़ी मिट्टी डालकर, मिट्टी भराई की अधिकांश राशि को गबन करने की कोशिश की जा रही है। जल्दबाजी में बिना उचित प्रक्रिया का पालन किए जीएसबी बिछाने का काम भी शुरू कर दिया गया है। जीएसबी में डस्ट ज्यादा और मेटल काफी कम मात्रा में है।

चौंकाने वाली बात यह है कि जीएसबी पर बिना पानी डाले ड्राई रोलर चलाया जा रहा है, जो केवल औपचारिकता पूरी करने जैसा है। इसके अलावा निर्माण प्रक्रिया में ग्रेडर के बजाय ट्रैक्टर का उपयोग किया जा रहा है, जो निर्माण मानकों और एकरारनामा का उल्लंघन है। इन सभी कारणों से सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। बनकट से देवरी खुर्द तक की इस सड़क के निर्माण से सोनपुरवा, सजवन, परता, कबरा और पंसा सहित गढ़वा जिले के कई गांवों की जपला से दूरी कम हो जाएगी। इसके बावजूद निर्माण कार्य में इस तरह की अनियमितताएं ग्रामीणों की चिंता का विषय बनी हुई हैं।

इस संबंध में ग्रामीण कार्य विभाग, मेदिनीनगर प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि यदि जांच में अनियमितताएं पाई जाती हैं, तो संवेदक को भुगतान नहीं किया जाएगा और उसे काली सूची में डालने की कार्रवाई की जाएगी।

—————