छग राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष ने अंजुमन इस्लामिया कमेटी में प्रशासक नियुक्त कर चुनाव करवाने व दाेषियाें पर एफआईआर हेतु कलेक्टर काे लिखा पत्र 

छग राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष ने अंजुमन इस्लामिया कमेटी में प्रशासक नियुक्त कर चुनाव करवाने व दाेषियाें पर एफआईआर हेतु कलेक्टर काे लिखा पत्र 

जगदलपुर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। अंजुमन इस्लामिया कमेटी जगदलपुर के मुतवल्ली एवं कमेटी के विरुद्ध आर्थिक कदाचार की शिकायत पर छग राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सलीम राज ने शनिवार काे बस्तर कलेक्टर को पत्र लिखकर अंजुमन इस्लामिया कमेटी जगदलपुर में एक प्रशासक को नियुक्त कर मामले में जांच कर दाेषी सभी पदाधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने कहा है तथा अंजुमन इस्लामिया कमेटी जगदलपुर के मुतवल्ली का चुनाव करवाने कहा है। इसके साथ ही वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने जिला शिक्षा अधिकारी जिला बस्तर छग काे अंजुमन स्कूल जगदलपुर में शिक्षाकर्मी भर्ती प्रक्रिया में भारी अनियमितता की शिकायत का नियमानुसार बिन्दुवार जांच कर विधिसंगत कार्रवाई कर सात दिवस के भीतर अगवत कराने पत्र प्रेषित किया है। जिस पर कार्रवाई करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने प्राचार्य, जगतू माहरा प्राचार्य शास.ज.मा.वि. जगदलपुर एवं प्राचार्य, शास. हाईस्कूल हाटकचोरा जगदलपुर दिव्य सोनी काे उक्त शिकायत पत्र का अवलोकन कर शिकायत पत्र में उल्लेखित तथ्यों का बिन्दुवार जांच कर जांच प्रतिवेदन अपने अभिमत के साथ एक सप्ताह के भीतर अधोहस्ताक्षरकर्ता के समक्ष उपलब्ध कराना सुनिश्चित करने कहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अब्दुल वहाब खान एवं एसके. हसन राजा व अन्य जमातियों के द्वारा अध्यक्ष छग राज्य वक्फ बोर्ड काे शिकायत पत्र प्रस्तुत कर अंजुमन इस्लामिया कमेटी जगदलपुर जिला बस्तर के मुतवल्ली एवं कमेटी के विरुद्ध आर्थिक कदाचार की शिकायत प्रस्तुत की गई है। जिस पर छग राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने प्रथम दृष्टया शिकायत की नियमानुसार जांच कराया जाना आवश्यक प्रतीत होने का हवाला दिया गया है। कलेक्टर जिला बस्तर काे अंजुमन इस्लामिया कमेटी जगदलपुर जिला बस्तर की वर्तमान कमेटी के पदाधिकारियों के विरुद्ध संलग्न शिकायत के आधार पर अंजमुन में प्रशासक नियुक्त किया जाने तथा जांच समिति गठित कर उक्त शिकायत की बिन्दुवार जांच करा कर दोषी पाये जाने पर एफआईआर दर्ज करने की कार्यवाही करने की अनुशंसा करते हुए उपरोक्तानुसार की गई कार्रवाई से अविलम्ब अवगत कराने कहा गया है।

अब्दुल वहाब खान ने बताया कि छग राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सलीम राज ने जांच के बिन्दु निम्नानुसार तय किये हैं। अंजुमन इस्लामियां कमेटी के सदर हाशिम खान (मुतवल्ली) द्वारा बैंक में खात नहीं खुलवाया गया है और करोड़ों का पूरा लेनदेन नगद किया गया है, जिसका कोई लेखा जोखा नहीं है। इनके द्वारा मस्जिदों में साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल में आम जमात की बैठक भी नहीं बुलाई गई है और मनमानी तरीके से कार्य किया जा रहा हैं। अंजुमन इस्लामिया कमेटी का हिसाब किताब को मस्जिदों में कभी चस्पा भी नहीं किया गया हैं। अंजुमन कमेटी के खजांची द्वारा पूर्व में ही इस्तीफा दे दिया गया है और करोड़ों रुपये का पूरा लेनदेन सदर हाशिम खान के द्वारा किया गया है। हाशिम खान सदर के द्वारा कब्रिस्तान अहाता में दारूल उलुम का निर्माण कराया गया है, जबकि कब्रिस्तान के अंदर दारूल उलूम बनाना नियम के विपरीत है। निर्माण कार्य में भी भारी भ्रष्टाचार किया गया है।

हाशिम खान, सदर के द्वारा अंजुमन इस्लामिया कमेटी जगदलपुर में शिक्षाकर्मी में फर्जीवाड़ा किया गया है, कमेटी में मेम्बर की बहू को नियम विरुद्ध शिक्षाकर्मी में भर्ती किया गया है। निर्माण कार्य के नाम पर करोड़ों रुपये का भ्रष्टाचार हाशिम खान सदर के द्वारा किया गया है, जिसका कोई हिसाब किताब नहीं है। उन्हाेंने बताया कि इन सब मुद्दों को लेकर डॉ. सलीम राज अध्यक्ष छग राज्य के वक्फ बोर्ड से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा, उनके द्वारा आदेश जारी कर कलेक्टर बस्तर को पत्र लिखकर इसकी न्यायसंगत जांच कर एफआईआर दर्ज करने हेतु पत्र लिखा गया है तथा तत्काल प्रभाव से हाशिम खान से प्रभार लेकर प्रशासन को देकर, चुनाव कराने हेतु कलेक्टर बस्तर को पत्र लिखा गया है।

छत्तीसगढ़ शासन के नव नियुक्त छग राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि प्रदेश में डिफाल्टर मुतवल्लियों के सूची तैयार की जा रही है और कांग्रेस शासन में जिन-जिन जगह मुतवल्लियों द्वारा भ्रष्टाचार किया गया है, उन्हें बक्शा नहीं जाएगा। उनके कार्यकाल की जांच करवाकर एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी। वक्फ बोर्ड की मंशा यह है, इमानदारी से कार्य हो तथा जनहित में कार्य किया जाना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कार्यकाल में सुशासन चलेगा।

—————