हिंदिया कला में उग्रवादी हिंसा में मारे गए बिरहोर परिवार के आश्रित की अनुकंपा नियुक्ति

हिंदिया कला में उग्रवादी हिंसा में मारे गए बिरहोर परिवार के आश्रित की अनुकंपा नियुक्ति

चतरा, 9 अक्टूबर (हि.स.)। उपायुक्त कार्यालय कक्ष में बुधवार को उग्रवादी हिंसा में मारे गए दो मृतक के आश्रितों को उपायुक्त रमेश घोलप द्वारा अनुकंपा के आधार पर चतुर्थ वर्ग के लिए नियुक्ति पत्र दिया गया। जिला प्रशासन द्वारा 4 माह के अंदर मृतक के बेटे विधाय बिरहोर को नियुक्ति पत्र दिया गया।

25 मई को प्रतापपुर प्रखंड के हिंदिया कला के रहने वाले बिरहोर परिवार के बिफन बिरहोर की हत्या उग्रवादियों द्वारा की गई थी। प्रशासन के द्वारा मर्माहत परिवार को तात्कालिक रूप से आवासन एवं बाक़ी सहयोग किया गया था। साथ ही मृतक के बेटे एवं अन्य एक मृतक की पत्नी को झारखंड सरकार की नीति के तहत नोकरी व अनुग्रह अनुदान हेतु आश्वासित किया गया था।

जिलास्तर पर आवेदन प्राप्त कर आवश्यक कागजात, मेडिकल रिपोर्ट, पुलिस प्रतिवेदन आदि प्राप्त कर जिलास्तरीय अनुकंपा समिति की बैठक में चतुर्थ श्रेणी में नौकरी की अनुशंसा करने का निर्णय लिया गया था। इसपर झारखंड सरकार के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के द्वारा अनुमोदन प्राप्त होने के पश्चात आज मृतक के आश्रित पुत्र बिधाय बिरहोर को अनुकंपा के आधार पर चतुर्थ वर्ग के लिए नियुक्ति पत्र उपायुक्त रमेश घोलप ने दिया। साथ ही अन्य एक मृतक के आश्रित को अनुकंपा के तहत ही एक लाख रुपये की अनुदान राशि देने की कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा एक अन्य मामले में 17 अप्रैल, 2020 को टंडवा प्रखंड के ग्राम बचरा बस्ती के अक्षय कुमार की भी उग्रवादियों द्वारा हत्या कर दी गई थी। इनकी आश्रित पत्नी चंचला देवी को चतुर्थ वर्ग के लिए नियुक्ति पत्र दिया गया।

—————