नशे की खेती की रोकथाम को लेकर पुलिस व प्रशासन ने चलाया जागरूकता अभियान

नशे की खेती की रोकथाम को लेकर पुलिस व प्रशासन ने चलाया जागरूकता अभियान

चतरा, 27 अक्टूबर (हि.स.)। नशे की खेती के खिलाफ पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त रूप से रविवार को मेराल पंचायत के कई गांवों में जागरूकता अभियान चलाया। पत्थलगडा बीडीओ कलिंद्र साहू, सीओ उदल राम और थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी ने चतरा के सुदूरवर्ती मेराल, खैरा सहित अन्य गांव में पहुंचकर ग्रामीणों के साथ बैठक की और नशे की खेती से दूर रहने की अपील की। थाना प्रभारी ने कहा कि अफीम और गांजा की खेती कानूनन जुर्म है।

इसमें सजा का प्रावधान है। उन्होंने उपस्थित लोगों को नशे की खेती से होने वाले दुष्परिणाम से बारे में जानकारी दी और कहा कि भोले भाले ग्रामीणों को कुछ दलाल व तस्कर पैसे देकर गुमराह करते हैं। पकड़े जाने पर संबंधित लोगों की जिंदगी बर्बाद हो जाती है। उन्होंने उपस्थित लोगों को अवैध अफीम व पोस्ता की खेती नहीं करने को लेकर शपथ दिलाई। बीडीओ और अंचलाधिकारी ने बताया कि क्षेत्र में किसी भी स्थिति में नशे की खेती ना हो इसके लिए आम लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

—————