पलामू में नवनिर्मित रामविलास पासवान स्मृति भवन का उद्घाटन

पलामू में नवनिर्मित रामविलास पासवान स्मृति भवन का उद्घाटन

पलामू, 9 अक्टूबर (हि.स.)। हुसैनाबाद के विधायक कमलेश कुमार सिंह ने बुधवार को स्व. रामविलास पासवान स्मृति भवन व शाहीद भगत सिंह इंटर कालेज के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन फीता काट कर किया। इस मौके पर कमलेश कुमार सिंह ने कहा कि उन्होंने रजवार भाइयों को महाराजा सुहेलदेव रजवार भवन बनवाने का काम किया। अल्पसंख्यक भाइयों के लिए निकाह भवन बनवाया। पासवान भाइयों की मांग पर स्व. रामविलास पासवान स्मृति भवन बनाया।

कमलेश ने कहा कि गांव-गांव में सड़क, नाली समेत विवाह मंडप का भी उन्होंने निर्माण कराने का काम किया है। विद्यार्थियों की संख्या को देखते हुए शहीद भगत सिंह इंटर कालेज में अतिरिक्त बड़ा भवन का निर्माण कराया। अब बच्चों को पढ़ाई में किसी तरह की दिक्कत नहीं होगी। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि किसी जात का नहीं होता, सम्पूर्ण क्षेत्र का होता है। उन्होंने कहा कि जो सबको साथ लेकर चले, वही सच्चा प्रतिनिधि होता है।

उन्होंने स्व. रामविलास पासवान स्मृति भवन के उद्घाटन के मौके पर सभी को नवरात्र व दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्ष में गम्हरिया ने विवाह भवन भी बनवाया जायेगा, जिससे सभी जाति-धर्म के लोगों के बच्चे-बच्चियों की शादी-विवाह में किसी तरह की परेशानी नहीं उठाना पड़े।

मौके पर भाजपा नेता सह नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष रामेश्वर राम उर्फ छठन राम ने विधायक के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि हुसैनाबाद का विकास उन्होंने ही पिछले कार्यकाल में किया था। बीच में किसी ने कुछ नहीं किया। इन्हें दूसरे कार्यकाल में सड़कों, स्वास्थ्य, शिक्षा की स्थिति को पटरी पर लाने में परेशानी हुई।

कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के युवा नेता सूर्या सिंह, सांसद प्रतिनिधि रंजित पासवान, अखिलेश पासवान, संजय हलचल, चंदन पासवान, विनय पासवान, संतोष पासवान, शंभू पासवान, सत्यनारायण पासवान, गोरख पासवान, अजय पासवान अलावा सैकड़ों लोग मौजूद थे।

—————