नारनौल : जिले की चार सीटों में से तीन पर जीती भाजपा, एक पर कांग्रेस विजयी

नारनौल : जिले की चार सीटों में से तीन पर जीती भाजपा, एक पर कांग्रेस विजयी

नारनाैल, 8 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा चुनाव में महेन्द्रगढ़ जिले की चार सीटों में से तीन पर कमल खिला है, जबकि एक सीट पर

कांग्रेस उम्मीदवार ने जीत दर्ज की है। इस चुनाव में ​​​​​​​महेंद्रगढ़ ​​​​​​​सीट पर भाजपा के कंवर सिंह, नारनौल ​​​​​​​से भाजपा के ओम प्रकाश यादव, अटेली से भाजपा की आरती सिंह राव और नांगल चौधरी सीट से कांग्रेस की मंजू चौधरी ने जीत दर्ज की है।

मंगलवार को नारनौल के पीआर सेंटर, गर्ल्स आईटीआई और पीजी कॉलेज को मतगणना केंद्र पर महेंद्रगढ़ जिले के चार सीटों की मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू हुई। सुबह सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती हुई फिर इसके बाद इवीएम के वोटों की गिनती शुरू की गई।

चुनाव परिणाम के अनुसार ​​​​​​​महेंद्रगढ़ ​​​​​​​सीट पर भाजपा के कंवर सिंह ने जीत दर्ज की। उन्हें 63 हजार 36 वोट मिले हैं। उन्होंने कांग्रेस के राव दान सिंह को 2 हजार 648 वोटों के अंतर से हराया। राव दान सिंह को 60 हजार 388 वोट मिले हैं, वहीं निर्दलीय​​​​​​​ सन्दीप सिंह को 20 हजार 834 वोट मिले और वे तीसरे स्थान पर रहे। यहां से नोटा को 421 वोट मिले हैं।

नारनौल सीट पर भाजपा के ओम प्रकाश यादव ने जीत दर्ज की है। उन्हें 57 हजार 635 वोट मिले हैं। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार राव नरेन्द्र सिंह को 17 हजार 171 वोटों कें अंतर से हराया है। राव नरेन्द्र को 40 हजार 464 वोट मिली। वहीं आम आदमी पार्टी उम्मीदवार रविंदर सिंह मटरू को 6 हजार 188 वोट मिले, जोकि तीसरे स्थान पर रहे। नोटा को 535 वोट मिले हैं।

विधानसभा क्षेत्र अटेली से भाजपा की आरती सिंह राव ने 56 हजार 774 वोटों के साथ जीत दर्ज की। उन्होंने बहुजन समाज पार्टी उम्मीदवार अतरलाल को 2500 वोटों के अंतर से हराया है। अतरलाल को 54 हजार 274 वोट मिले। वहीं कांग्रेस उम्मीदवार अनीता यादव को 29 हजार 474 वोट मिले, जोकि तीसरे स्थान पर रहीं हैं। नोटा को 408 वोट मिले।

विधानसभा क्षेत्र नांगल चौधरी में कांग्रेस उम्मीदवार मंजू चौधरी ने 6739 वोटों के साथ जीत दर्ज की है। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार अभय सिंह यादव को 6 हजार 930 वोटों के अंतर से हराया है। अभय सिंह को 55 हजार 59 वोट मिले हैं। जबकि जननायक जनता पार्टी उम्मीदवार राव ओम प्रकाश इंजीनियर को 576 वोट मिले, जोकि तीसरे स्थान पर रहे। जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारनौल शहर में विजयी जुलूस निकाला।

—————