पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया

पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया

पलामू, 11 अक्टूबर( हि.स.)। पलामू पुलिस ने अति उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र मनातू थाना से लगभग 25 किमी की दूरी पर स्थित

कुंडलपुर में मादक पदार्थों के खिलाफ शुक्रवार को जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान मादक पदार्थों की खेती की रोकथाम और जनजागरूकता अभियान का सफल आयोजन किया। इस अभियान के तहत ग्रामीणों को अफीम और पोस्ता की खेती के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया और यह बताया गया कि मादक पदार्थों की खेती से न केवल स्वास्थ्य और सामाजिक जीवन पर गंभीर प्रभाव पड़ता है, बल्कि इसके कानूनी परिणाम भी अत्यंत कठोर हो सकते हैं। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति इस अवैध खेती में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान पुलिस ने कुंडलपुर के बच्चों और ग्रामीणों के बीच बिस्कुट और चॉकलेट का वितरण भी किया, जिससे पुलिस और समुदाय के बीच संवाद और सहयोग को प्रोत्साहन मिला। इस पहल का मुख्य उद्देश्य मादक पदार्थों की खेती के प्रति ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ाना और उनके जीवन स्तर को सुधारने के लिए वैकल्पिक रास्ते सुझाना था।

—————