फतेहाबाद: मोटरसाइकिल ने पैदल जा रहे छात्र को मारी जोरदार टक्कर, युवक की मौत
फतेहाबाद, 11 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के गांव जांडली कलां के पास एक तेजगति मोटरसाइकिल ने पैदल जा रहे छात्र को पीछे से जोरदार टक्कर दे मारी। इस हादसे में युवक की फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। इस मामले में सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया वहीं शुक्रवार को मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव जाण्डली खुर्द निवासी प्रदीप ने कहा है कि उसका भाई कुलदीप 11वीं कक्षा में पढ़ता था। गत दिवस कुलदीप शाम को गांव जाण्डली खुर्द से इलैक्ट्रिक स्कूटी ठीक करवाने के लिए गांव जांडली कलां पैदल जा रहा था। रास्ते में जांडली कलां पेट्रोल पम्प के पास पीछे से आ रहे एक मोटरसाइकिल का चालक मोटरसाइकिल को लापरवाही व तेजगति से चलाते हुए आया और पीछे से कुलदीप को जोरदार टक्कर दे मारी।
इस हादसे में कुलदीप स्कूटी सडक़ पर जा गिरा। हादसे में उसके सिर व पैरों पर गंभीर चोटें आई और उसका सिर फट गया। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचा और घायल कुलदीप को उपचार के लिए फतेहाबाद के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया जहां ईलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उसने आरोप लगाया कि मोटरसाइकिल को प्रवेश कुमार पुत्र धर्मपाल निवासी धारसूल कलां चला रहा था। इस मामले में पुलिस ने आरोपी बाईक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।