फतेहाबाद : भूना में बंद पड़ी वक्फ बोर्ड की मस्जिद से हजारों का सामान चोरी
फतेहाबाद, 13 अक्टूबर (हि.स.)। भूना में बंद पड़ी मस्जिद के ताले तोडक़र अज्ञात चोर हजारों का सामान चोरी कर ले गए। इस बारे पुलिस ने वक्फ बोर्ड कर्मचारी की शिकायत पर रविवार को केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में दलबीर सिंह ने कहा है कि हरियाणा वक्फ बोर्ड फतेहाबाद में रेंट कॅलेक्टर के तौर पर काम करता है। भूना के वार्ड नं. 9 में स्थित मस्जिद हरियाणा वक्फ बोर्ड की मलकियत है।
इस मस्जिद में बहुत वर्षों से इमाम द्वारा नमाज अदा की जा रही थी परंतु 2-3 माह से इमाम न होने की वजह से मस्जिद के कमरों में व मेन गेट पर ताला लगाया हुआ था। वक्फ बोर्ड के कर्मचारी समय-समय पर आकर मस्जिद की देखरेख व साफ-सफाई करके चले जाते थे।
आज जब वह मस्जिद में आया तो देखा कि मेन गेट का ताला व अंदर तीनों कमरों के दरवाजे चौखट सहित उखड़े मिले और कमरों से पंखें व अन्य घरेलू सामान गायब था।
इस पर पहले उन्होंने आसपास पूछताछ की लेकिन जब कुछ पता नहीं चला तो उसने इस बारे पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।