यमुनानगर : कार की टक्कर से एक्टिवा सवार मामा-भांजा की मौत

यमुनानगर : कार की टक्कर से एक्टिवा सवार मामा-भांजा की मौत

यमुनानगर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। पंचकूला-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर गांव दुसानी के पास एक अनियंत्रित कार ने एक्टिवा को टक्कर मार दी।इस दुर्घटना में एक्टिवा सवार मामा-भांजा की दर्दनाक मौत हो गई। कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया और मामले की जांच कर रही है।

बुधवार को सदर थाना यमुनानगर के जांच अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि उत्तराखंड के जिला टिहरी गढ़वाल के मैखेंडी निवासी 35 वर्षीय दिनेश कुमार व सांगडिया निवासी 32 वर्षीय मनोज कुमार चंडीगढ़ में होटल में नौकरी करते थे। वे एक्टिवा से अपने घर गढ़वाल लौट रहे थे।

बुधवार अलसुबह लगभग ढाई बजे दुसानी मोड़ पर उनकी एक्टिवा को एक अनियंत्रित कार ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों के सड़क पर गिरने से उनके सिर व शरीर के अन्य हिस्से पर गंभीर चोटें लगी हैं। राहगीरों की मदद से दोनों को अस्पताल में भिजवाया गया। चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम कराया और शव परिजन को सौंप दिया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

——————