फतेहाबाद : महाराजा अग्रसेन ने बनाया एक ईंट एक मुद्रा देने का नियम: बजरंग गर्ग
फतेहाबाद, 27 अक्टूबर (हि.स.)। वैश्य समाज की आवश्यक मीटिंग रविवार को अनाज मंडी भट्टू में अग्रोहा धाम वैश्य समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष व हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग की अध्यक्षता में हुई। इस मीटिंग में संगठन को पहले से ज्यादा मजबूत बनाने पर जोर दिया। वैश्य समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने उपस्थित प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश व प्रदेश में वैश्य समाज के संगठन का विस्तार किया जा रहा है। महाराजा अग्रसेन जी त्याग की मूर्ति थे। महाराजा अग्रसेन जी ने गरीबों को ऊंचा उठाते हुए समाजवाद को बढ़ावा देने का काम किया।
अग्रसेन जी की नगरी में जब भयंकर अकाल पड़ा तब अग्रसेन जी ने जनता के लिए धन व अन्न के सारे भंडार खोल दिए और सारा खजाना खाली हो गया। उस समय महाराजा अग्रसेन जी ने महायज्ञ किया। महायज्ञ से प्रसन्न होकर माता महालक्ष्मी जी ने महाराजा अग्रसेन जी को वरदान दिया था कि हमेशा ही आपके कुल में मेरा वास रहेगा।
बजरंग गर्ग ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी ने गरीब व जरूरतमंद को ऊंचा उठाते हुए हर घर से एक ईट एक मुद्रा देने का नियम लागू किया ताकि गरीब व्यक्ति ईंट से अपना मकान बना ले और मुद्रा से व्यापार करके अपने परिवार का पालन पोषण कर सके। आज वही वैश्य समाज महाराजा अग्रसेन जी के आदर्श पर चलकर राष्ट्र व जनता की सेवा में लगा हुआ है। वैश्य समाज अग्रोहा धाम के नेतृत्व में अलग-अलग संस्था बनाकर रात-दिन धार्मिक व सामाजिक कार्यों में लगा हुआ है। हम सबको एकजुट होकर देश व प्रदेश की तरक्की में अपना ही पूरा योगदान देना चाहिए।
बजरंग गर्ग ने कहा कि अग्रोहा धाम में 10 नवंबर को विशाल वार्षिक मेला लगेगा, जो ऐतिहासिक होगा। जिसमें भजन सम्राट कन्हैया मित्तल, महामंडलेश्वर कुमार स्वामी व देश के कौने-कौने से सामाजिक व धार्मिक लोग भाग लेंगे। बजरंग गर्ग ने गोपाल अग्रवाल को अग्रोहा धाम का प्रदेश प्रचार सचिव बनाने की घोषणा की। इस अवसर पर अग्रवाल सभा प्रधान ब्रह्मानंद गोयल, एडवोकेट भारत भूषण गर्ग फतेहाबाद, प्रदेश सचिव निरंजन गोयल, मास्टर सज्जन कुमार बंसल, साधु राम सिंगल, मंदिर प्रधान संजय सिंगला, नरेश गर्ग, रोहतास सिंगल, सचिव कृष्ण सिंगला, श्याम मंडल प्रधान विनोद बंसल, खाटू श्याम मंडल प्रधान नरेश बंसल, बंसीलाल भडासा आदि प्रतिनिधियों ने अग्रोहा धाम मेले में हजारों की संख्या में पहुंचने अहवान किया।