विश्रामपुर विस में बिना निष्पादित टेंडर का विधायक लगवा रहे झूठा शिलापट्ट: अभिमन्यु

विश्रामपुर विस में बिना निष्पादित टेंडर का विधायक लगवा रहे झूठा शिलापट्ट: अभिमन्यु

पलामू, 1 अक्टूबर (हि.स.)।विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के युवा समाजिक कार्यकर्ता अभिमन्यु सिंह ने क्षेत्रीय भाजपा विधायक रामचंद्र चंद्रवंशी पर जनता की आंख में फिर से धूल झोंककर ठगने का गंभीर आरोप लगाया है। श्री सिंह मंगलवार को विश्रामपुर में प्रेस को संबांेधित कर रहे थे।

मौके पर अभिमन्यु ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद क्षेत्र से नदारद रहने वाले विश्रामपुर विधायक अपने दस-बीस समर्थकों के साथ जगह-जगह बिना टेंडर प्रक्रिया के योजनाओं का झूठा शिलान्यास करते फिर रहे हैं। विधानसभा चुनाव से पूर्व हड़बड़ाहट में सड़क निर्माण योजना टेंडर बैगर किसी संवेदक को कार्य आवंटित होने से पहले ही बगैर अधिकारी और बिना ठेकेदार की मौजूदगी में अपने नाम का शिलापट्ट घूम-घूमकर लगा रहे हैं। इतना ही नहीं बिना प्राक्कलन राशि की जानकारी दिए निवेदक में कार्यपालक अभियंता का पदनाम लिखवाकर विधायक और उनके समर्थक असंवैधानिक कार्य भी कर रहे हैं।

बताया कि कार्यपालक अभियंता ने मौखिक रूप से विधायक को शिलापट्ट लगाने की मनाही कर दी है, लेकिन हताश निराश विधायक झूठा शिलान्यास कर अपने नाम का अवैध शिलापट्ट लगाने से हर रोज बाज नहीं आ रहे हैं, जो साबित कर रहा है कि उन्हें ज्ञात हो चुका है कि उनकी विधायिकी पूरा हो चुकी है एवं हार तय है।

अभिमन्यु ने उजागर करते हुए कहा कि जिस सड़क की ओर दस साल के कार्यकाल में विधायक वोट मांगने के अलावा झांकी मारने भी नहीं गए, उस सड़क को नीजी खर्च से जनता के चलने लायक अंजू सिंह ने बनवाया। पांच साल से गुमशुदा विधायक उन्हीं सड़कों का चुनाव से दस दिन पहले ताबड़तोड़ झूठा शिलान्यास करके जनता की आंखों में धूल झोंकने का काम कर रहे हैं। विभाग से टेंडर हो रहे सड़क निर्माण योजना की सूची निकाल कर जगह-जगह योजनाओं का शिलापट्ट लगाने से उनके भ्रष्ट कार्यकाल पर पर्दा नहीं पड़ेगा। पांच साल जनता के बीच रहकर सच्चाई बताने का काम टीम अंजू सिंह ने किया है।

मौके पर विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के मीडिया प्रभारी राहुल कुमार दूबे ने कहा कि इसमें विधायक रामचंद्र चंद्रवंशी के इशारे पर कार्य करने में विभागीय अधिकारी की मिलीभगत हो सकती है। बताया कि यदि अधिकारी भाजपा कार्यकर्ता बनकर काम नहीं कर रहे होंगे तो बारह घंटे के अंदर झूठा शिलान्यास पर विराम लगाएंगे अन्यथा टीम अंजू अभिमन्यु सिंह कोर्ट की शरण लेने में देर नहीं करेगी। साथ ही जरूरत पड़ने पर चुनाव आयोग को भी लिखित शिकायत की जाएगी।

—————