फतेहाबाद : ट्रक में ठूंस-ठूंस कर भरे थे 55 पशु, दो युवक गिरफ्तार
फतेहाबाद, 16 नवंबर (हि.स.)। फतेहाबाद पुलिस ने नेशनल हाइवे पर नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक में ठूंस-ठूंस कर भरे 55 पशुओं को आजाद करवाया है।
इस मामले में पुलिस ने ट्रक सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार थाना सदर फतेहाबाद के अंतर्गत आने वाली बड़ोपल पुलिस चौकी की टीम एएसआई संदीप कुमार के नेतृत्व में शनिवार को गश्त पर थी तो उन्हें सूचना मिली कि एक ट्रक कंटेनर में काफी संख्या में पशु भरकर फतेहाबाद से हिसार की तरफ जा रहा है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने नेशनल हाइवे पर भोड़ा होशनाक के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस ने एक ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली तो पाया कि ट्रक में भैंसों और कटड़ों को ठूंस-ठूंस कर भरा हुआ था।
पुलिस ने जब इन पशुओं को नीचे उतारा और गिना तो ट्रक में 55 कटड़े भरे हुए थे, और इनमें पास चारा व पानी का कोई प्रबंध नहीं था।
इस पर पुलिस ने ट्रक सवार दो युवकों इरशाद पुत्र इशाक निवासी घसेरा जिला मेवाल व गुलाब पुत्र शौकत निवासी मुगलपुरा जिला बागपत को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।