फतेहाबाद : पेड़ से टकराया डीएपी खाद से भरा ट्राला लगी आग

फतेहाबाद : पेड़ से टकराया डीएपी खाद से भरा ट्राला लगी आग

फतेहाबाद, 13 नवंबर (हि.स.)। जिले के भट्टू क्षेत्र में बुधवार सुबह डीएपी खाद से भरा एक ट्राला अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पेड़ से जा टकराया। इस हादसे में ट्राले में आग लग गई और देखते ही देखते ट्राले का केबिन पूरी तरह जलकर राख हो गया।

आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंच गई और दमकल कर्मचारियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिस कारण ट्रॉले की बॉडी और डीएपी जलने से बच गई। मिली जानकारी के अनुसार भट्टू के कृभको सेंटर से डीएपी खाद के बैग गांव कुकड़ांवाली के सेंटर पर बिक्री के लिए भेजे जाने थे। इसके लिए बुधवार सुबह एक ट्राले में डीएपी के 600 बैग लोड किए गए। इसके बाद ट्राला चालक गाड़ी लेकर भट्टू से कुकड़ांवाली के लिए चल पड़ा। बताया जाता है कि जैसे ही ट्राला फतेहाबाद रोड पर गांव मेहुवाला के मोड़ के पास पहुंचा तो ट्रक चालक ट्राले से नियंत्रण खो बैठा और ट्राला अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पेड़ से जा टकराया।

इसी दौरान ट्राले का टायर फट गया और धमाके के चलते उसमें आग लग गई। इस हादसे में ट्राला चालक को मामूली चोटें लगीं। ट्राले में आग लगी देखकर आसपास के लोग वहां इकट्ठा हो गए और ट्रक चालक को बाहर निकालकर इस बारे में दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर बिग्रेड की गाड़ी मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाया। इस घटना में आग से ट्राले का केबिन पूरी तरह जल गया, जबकि उसका पिछला हिस्सा व उसमें लोड डीएपी खाद जलने से बच गई।