नक्सलियों की जारी बुकलेट में दो तस्वीर जारी कर चिपुरभट्टी मुठभेड़ काे बताया फर्जी

नक्सलियों की जारी बुकलेट में दो तस्वीर जारी कर चिपुरभट्टी मुठभेड़ काे बताया फर्जी

बीजापुर, 13 नवंबर (हि.स.)। नक्सलियों ने 109 पन्ने की जारी बुकलेट में दो तस्वीर जारी कर बीजापुर के चिपुरभट्टी में जवानों ने उनके तीन साथियों और तीन ग्रामीणों (कुल 6) को पकड़कर नक्सली बताकर गोली मारने का आरोप लगाते हुए मुठभेड़ काे फर्जी बताया है। एक तस्वीर में लाशें हैं, वहीं दूसरी तस्वीर में सादे कपड़े में पुलिस की गिरफ्त में एक युवक दिख रहा है, जिसे नक्सलियों ने ग्रामीण ओयाम सुक्का बताया है।

वहीं दूसरी ओर 27 मार्च 2024 को बीजापुर जिले के बासागुड़ा इलाके के चिपुरभट्टी में पुलिस ने नक्सलियों के साथ जवानों की मुठभेड़ होने का दावा करते हुए 2 महिला सहित कुल 6 शवों को लाया गया था, इन सभी को पुलिस ने नक्सली बताया था। पुलिस ने मुठभेड़ में मारे गये ओयाम सुक्का को भी मुठभेड़ में मारे जाने की जानकारी मीडिया को दी थी। अब इस मुठभेड़ के लगभग 8 महीने बीत जाने के बाद नक्सलियों ने तस्वीर जारी कर ओयाम सुक्का काे पकड़कर नक्सली बताकर गोली मारने का आराेप लगाया है।

नक्सलियों द्वारा जारी 84 पेज के बुकलेट के 14, 15 और 16वें पेज में चिपुरभट्टी मुठभेड़ का जिक्र है, इन 3 पेजों में 2 तस्वीर भी है। पहली तस्वीर में कुल 5 लाशें और एक महिला नक्सली गंगी की प्रोफाइल फोटो है। पहली तस्वीर में ओयाम सुक्का की खून से सनी लाश की भी तस्वीर है। वहीं दूसरी तस्वीर में एक युवक नजर आ रहा है, जो जमीन पर बैठा हुआ है, उसके दोनों हाथ पीछे बंधे हुए हैं, वह ओयाम सुक्का है, तब तक वह जिंदा था। इसके साथ ही पुलिस की वर्दी में 2 जवान नजर आ रहे हैं, हालांकि उनके चेहरे नहीं दिख रहे है।

—————