भयमुक्त और शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी: जिला निर्वाचन पदाधिकारी

भयमुक्त और शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी: जिला निर्वाचन पदाधिकारी

खूंटी, 11 नवंबर (हि.स.)। विधानसभा निर्वाचन के तहत 13 नवंबर को होने वाले मतदान की तैयारियों और इवीएम मशीनों का सुचारू डिस्पैच सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से सोमवार को समाहरणालय स्थित सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक अमन कुमार द्वारा संयुक्त रूप से ब्रीफिंग कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये।

बैठक में सामान्य प्रेक्षक 59 तोरपा विधानसभा क्षेत्र, विपुल उज्ज्वल भी उपस्थित थे। उन्होंने भी सभी अधिकारियों को सक्रिय होकर आपस में समन्वय बनाकर भारत निर्वाचन आयोग के सभी एसओपी का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा उपस्थित सुपर जोनल, जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्पेशल जोनल मजिस्ट्रेट, सभी थाना प्रभारी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी को मतदान के दिन की तैयारियों, इवीएम डिस्पैच की प्रक्रिया, और सुरक्षा प्रबंधन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। मतदान से पहले इवीएम और वीवीपीएटी मशीनों का सुरक्षित और समय पर डिस्पैच सुनिश्चित करने के लिए जरूरी निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि डिस्पैच केंद्रों पर इवीएम की पूरी सुरक्षा और देखरेख की जाए, ताकि मतदान केंद्रों पर समय पर उनकी उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण मतदान के लिए विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। भयमुक्त एवं शांतिपूर्ण माहौल में चुनाव संपन्न कराने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। मतदान से संबंधित सभी सामग्री, जैसे मतदाता सूची, बैलट यूनिट, कंट्रोल यूनिट, वीवीपीएटी, और अन्य सहायक सामग्री की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया गया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे सामग्रियों की समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करें। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने विशेष रूप से दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों के लिए सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं जैसे- रैंप, व्हीलचेयर, प्राथमिकता कतार और सहायता के लिए स्वयंसेवकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला स्तर पर बनाए गए नियंत्रण कक्ष एवं मीडिया कंट्रोल रूम से भी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदाताओं से अपील की कि वे निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें और लोकतंत्र के इस महापर्व में भागीदार बनें।

—————