निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सर्वोपरि: जिला निर्वाची पदाधिकारी
खूंटी, 22 नवंबर (हि.स.)। विधानसभा निर्वाचन के तहत 23 नवंबर को खूंटी और तोरपा विधानसभा क्षेत्र की होने वाली मतगणना को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतगणना प्रक्रिया को सुचारू, निष्पक्ष और पारदर्शी रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से समाहरणालय स्थित सभागार में शुक्रवार को जिला निर्वाची पदाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्र ने मतगणना कार्य में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों और कर्मियों को कई निर्देश दिये।
जिला निर्वाची पदाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सर्वाेपरि है। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मी निर्वाचन आयोग द्वारा जारी सभी एसओपी का पूर्णतः अनुपालन करते हुए अपने उत्तरदायित्व का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि मतगणना स्थल पर प्रवेश, सुरक्षा व्यवस्था, मतगणना प्रक्रिया और अंतिम परिणाम घोषणा के दौरान निर्धारित मानकों और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। सभी आरओ, एआरओ और अन्य संबंधित पदाधिकारी इसका अनुपालन कराना सुनिश्चित करें। सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सुबह निर्धारित समय पर मतगणना स्थल पर पहुंचने और अपनी भूमिका निभाने के लिए निर्देशित किया गया।
मतगणना के दौरान ईवीएम और वीवीपैट की गणना और सत्यापन सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश दिया गया। मतगणना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति दिए जाने की बात कही गई। साथ ही राउंड वार आने वाली रिपोर्ट को मीडिया के साथ नियमित रूप से साझा करने को लेकर मीडिया सेंटर को सक्रिय भूमिका निभाने को कहा गया।
उल्लेखनीय है कि 13 नवंबर को खूंटी और तोरपा विधानसभा क्षेत्र में हुए मतदान के पश्चात बिरसा कॉलेज खूंटी में बने स्ट्रांग रूम में सुरक्षित इवीएम और पोस्टल बैलट को रखा गया है। खूंटी और तोरपा विधानसभा क्षेत्र की मतगणना के लिए 20-20 टेबल इवीएम के लिए और 11-11 टेबल पोस्टल बैलेट के लिए लगाये गये हैं। तोरपा विधानसभा क्षेत्र की मतगणना 13 राउंड में और खूंटी वधानसभा क्षेत्र की मतगणना 15 राउंड में पूरी होगी। 23 नवम्बर को प्रातः8 बजे से पोस्टल बैलेट से हुए मतदान की मतगणना होगी और 8.30 बजे से ईवीएम के मतों की गणना होगी।
—————