जिलाधिकारी  ने की विकास योजनाओं और जनशिकायतों की समीक्षा

जिलाधिकारी  ने की विकास योजनाओं और जनशिकायतों की समीक्षा

– जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिये समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

नैनीताल, 28 नवंबर (हि.स.)। जिलाधिकारी वंदना सिंह ने गुरुवार को जिले भर में पिछले एक वर्ष के दौरान आयोजित 35 से अधिक भ्रमण, निरीक्षण और जनसुनवाई कार्यक्रमों तथा 82 विकास योजनाओं के निरीक्षण के दौरान प्राप्त 1500 से अधिक शिकायतों पर की गई कार्यवाही की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान जिलाधिकारी ने लंबित शिकायतों पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने और सभी विभागीय अधिकारियों को जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि समस्याओं को उलझाने के बजाय सुलझाने की प्रवृत्ति अपनाई जाए और निस्तारण के लिए उचित प्रस्ताव तैयार किए जाएं। समीक्षा बैठक में शिक्षा विभाग ने बताया कि भ्रमण और जनसुनवाई के दौरान 37 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति की मांग प्रमुख थी। इनमें से 19 शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि शेष पर कार्य जारी है।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षकों की नियुक्ति प्राथमिकता पर हो। विद्यालयों में पेयजल व्यवस्था और शौचालय निर्माण सुनिश्चित किया जाए। वहीं उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को बेतालघाट, धारी, खनस्यू, ओखलढूंगा, गौनियारों, अमगढी, चुकम, सुंदरखाल और मालधनचौड़ जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर करने, चिकित्सकों की नियुक्ति करने, आपातकालीन सेवाओं के लिए हेल्पलाइन नंबर सक्रिय करने, एएनएम की तैनाती, पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत सड़कों के लंबित मुआवजे के वितरण में तेजी लाने के निर्देश दिये। कहा कि बुजुर्ग और दिव्यांगजन पेंशन के लिए शहरों में भटकने को मजबूर न हों, इसके लिए सहायक निबंधक को ग्रामीण क्षेत्रों में माइक्रो एटीएम, मिनी बैंक जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। जिलाधिकारी ने अग्निशमन विभाग को अस्पतालों और कार्यालयों में फायर सेफ्टी की नियमित जांच करने और समय-समय पर फॉलोअप रिपोर्ट प्रस्तुत करने, भीमताल और नौकुचियाताल क्षेत्र में पार्किंग सुविधा विकसित करने के लिए प्राधिकरण सचिव को सरकारी भूमि चिह्नित करने के साथ जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में सीडीओ अशोक पांडे, डीडीओ गोपाल गिरी गोस्वामी, प्राधिकरण सचिव विजय नाथ शुक्ल, डीएफओ चंद्र शेखर जोशी सहित शिक्षा, स्वास्थ्य, लोनिवि और जल संस्थान के अधिकारी उपस्थित रहे।

—————