उमरिया: पंचायत समन्वयक, बाबू, सचिव एवं जेआरएस सहित 13 लोगों पर एफआईआर दर्ज

उमरिया: पंचायत समन्वयक, बाबू, सचिव एवं जेआरएस सहित 13 लोगों पर एफआईआर दर्ज

उमरिया, 22 नवंबर (हि.स.)। जिले को यदि घोटालों का जिला कहा जाय तो कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी। यहां जिस विभाग की जांच करवाई जाए तो वहीं करोड़ों के घोटाले सामने आएंगे, जिले का कोई भी विभाग ऐसा नही है जहां छोटे घोटाले हुए हों, यदि जरूरत है तो निष्पक्ष जांच की।

ऐसा ही एक मामला जिले के पाली जनपद पंचायत से सामने आया जहां कमीशन बाजी के चक्कर मे गलत जियोटैग कर, अपात्र हितग्राहियों को लाभ तो दिलाया गया वहीं मृत लोगों के नाम पर भी प्रधानमंत्री आवास योजना स्वीकृत करवा कर रकम निकाल कर खा लिया गया। जब लोगों को पता चला तो उनने शिकायत किया और अंत मे पाली थाने में जनपद पंचायत पाली का बाबू, 1 पंचायत समन्वय अधिकारी, 7 ग्राम पंचायत सचिव एवं 4 रोजगार सहायकों पर एफआईआर दर्ज हुई।

इस मामले में पाली टी आई मदन लाल मराबी ने बताया कि जनपद पंचायत पाली के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कन्हाई कुंवर ने पाली थाने में 13 लोगों के विरुद्ध आर्थिक अनियमितता एवं शासकीय राशि के गबन का अपराध दर्ज करवाया है। उनकी रिपोर्ट पर पाली थाने में अपराध क्रमांक 600/24 धारा 420 आईपीसी का प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया गया है।

इस मामले में प्रथम दृष्टया 13 आरोपी हैं, जिसमे जनपद पंचायत का बाबू मोहम्मद नुबानी, पंचायत समन्वयक अधिकारी ( प्रभारी सहायक लेखा अधिकारी) पतरूराम भगत, एवं चमन सिंह पंचायत सचिव (तत्कालीन) ग्राम पंचायत बरहाई, वर्तमान ग्राम पंचायत भौतरा, फूल सिंह पंचायत सचिव (तत्कालीन) ग्राम पंचायत बरहाई, वर्तमान ग्राम पंचायत महरोई, भुवनेश्वर सिंह ग्राम रोजगार सहायक बरहाई (तत्कालीन) सेवा से पृथक, राजेश कुमार यादव पंचायत सचिव (तत्कालीन) ग्राम पंचायत चंदनिया, वर्तमान ग्राम पंचायत कुशमहाखुर्द, राजाराम चंदेल पंचायत सचिव (तत्कालीन) ग्राम पंचायत गिंजरी, वर्तमान ग्राम पंचायत झांपी जनपद पंचायत करकेली. महाबीर सिंह पंचायत सचिव, (तत्कालीन) ग्राम पंचायत कठई, वर्तमान ग्राम पंचायत खिचकिड़ी, रामचरित सिंह ग्राम रोजगार सहायक ग्राम पंचायत कुरकुचा, रामप्रसाद पनिका, पंचायत सचिव (तत्कालीन) ग्राम पंचायत ममान, वर्तमान ग्राम पंचायत बरदढ़ार, शैलेन्द्र तिवारी पंचायत सचिव (तत्कालीन) ग्राम पंचायत ममान, वर्तमान ग्राम पंचायत धौरई, रविन्द्र सिंह, ग्राम रोजगार सहायक ग्राम पंचायत मुदरिया, मो हुसैन खान, ग्राम रोजगार सहायक, ग्राम पंचायत मेंढ़की द्वारा हितग्राहियों के आवासों का गलत जियोटैग करने का दोषी पाये गये। इनके विरूद्ध शासकीय योजनाओं की राशि का दुरूपयोग करने, अपात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने, मरे हुये हितग्राहियों के नाम से राशि का आहरण फर्जी तरीके से किया गया।

—————