मसीह समाज ने न्यायालय के आदेश व प्रशासन के निर्णय के अनुरूप कार्यक्रम आयोजन करने दी सहमति
जगदलपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। मसीही समाज के प्रतिनिधि मंडल ने शुक्रवार को कलेक्टर हरिस एस. और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा से मिलकर ब्लेस बस्तर के कार्यक्रम के संबंध में चर्चा किया। इस दौरान प्रतिनिधि मंडल ने अवगत कराया कि पूर्व में 8, 9 एवं 10 नवम्बर को जो कार्यक्रम प्रस्तावित था, उस कार्यक्रम के संबंध में लगे रिट पिटीशन पर उच्च न्यायालय द्वारा निर्णय सुरक्षित रखा गया है, उक्त निर्णय का सम्मान करते हुए मसीह समाज ने न्यायालय के आदेशानुसार ही भविष्य में कार्यक्रम के बारे में निर्णय लेने की बात कही। समाज के प्रतिनिधि मण्डल ने बताया कि जो भी आदेश न्यायालय एवं जिला प्रशासन का होगा उसके अनुरूप ही समाज कार्य करेगा। प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि कुछ लोग यह भ्रम फैला रहे हैं कि कार्यक्रम नहीं होने के विरोध स्वरूप मसीही समाज के लोग आंदोलन करेंगे या प्रदर्शन करेंगे। जिस बात का मसीही समाज पूर्णतः खंडन किया है। समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि मसीही समाज शांतिप्रिय समाज है एवं शहर में शांति व्यवस्था बनाये रखने हेतु कटिबद्ध है। कुछ लोगों द्वारा समाज के नाम पर भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है जो सर्वथा अनुचित है।
—————