विस चुनाव प्रचार के आखिरी दिन बाबूलाल ने जनता से की अपील, यह चुनाव जवाबदेह और जिम्मेदार सरकार चुनने का सुनहरा मौका

झारखंड के मतदाताओं से बाबूलाल मरांडी की अपील, ‘अटलजी’ की पंक्ति याद कर करें मतदान

-झारखंड के भविष्य की दिशा तय करने के लिए करें मतदान : बाबूलाल मरांडी

-पिछले पांच वर्षो में राज्य के संसाधनों की लूट और आदिवासी संस्कृति पर हमला हुआ : बाबूलाल मरांडी

-‘सरकारें आएंगी, जाएंगी, पार्टियां बनेंगी, बिगड़ेंगी मगर ये देश रहना चाहिए’

रांची, 18 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है। लंबे समय के बाद, झारखंड के पास अपनी सरकार चुनने और राज्य के भविष्य को संवारने का एक और मौका आया है। यह मौका केवल एक नई सरकार बनाने का नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार, युवाओं की हताशा और असमानता को खत्म कर एक जवाबदेह और जिम्मेदार सरकार चुनने का है।

उन्होंने कहा कि पिछले दो महीनों के चुनाव प्रचार के दौरान, मैंने महसूस किया है कि यह चुनाव सिर्फ इस बात का निर्णय नहीं करेगा कि सत्ता में कौन बैठेगा। यह चुनाव झारखंड के भविष्य की दिशा तय करेगा।

उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान, मैंने राज्य के हर वर्ग माता बहनों, युवाओं और बुजुर्गों से संवाद किया। हमने अपनी नीतियों और इरादों को जनता के सामने रखा। आपके अपार जनसमर्थन ने मुझे साहस दिया है। मुझे विश्वास है कि 23 तारीख को आप भारतीय जनता पार्टी को जो आशीर्वाद देंगे, हम उस पर पूरी तरह खरे उतरेंगे।

झारखंड के मतदाता श्रद्धेय अटल जी के पंक्ति याद कर करें मतदान

श्री मरांडी ने कहा कि मैं आपसे एक वादा लेना चाहता हूं। यह वादा राजनीतिक नहीं है, बल्कि झारखंड की अस्मिता, सम्मान और संसाधनों को बचाने का है। हमारे श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी कहते थे, “सरकारें आएंगी, जाएंगी, पार्टियां बनेंगी, बिगड़ेंगी मगर ये देश रहना चाहिए” उसी भावना से, मैं आप सबसे आग्रह करता हूं कि आप जब अपने मताधिकार का प्रयोग करें, तो इस बात का ध्यान रखें कि आपका चुना हुआ प्रतिनिधि आपके संसाधनों, सम्मान और भविष्य के साथ समझौता न करे।

पिछले पांच वर्षो में राज्य के संसाधनों की लूट और आदिवासी संस्कृति पर हमला हुआ : बाबूलाल मरांडी

उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में जिस तरह से राज्य के संसाधनों की लूट और आदिवासी संस्कृति पर हमला हुआ है,वैसा पहले कभी नहीं हुआ। यह चुनाव तय करेगा कि झारखंड अपनी जल, जंगल, जमीन, रोटी, माटी और बेटी की रक्षा करेगा या फिर उन्हें बाहरी घुसपैठियों और भ्रष्ट तंत्र के हवाले कर देगा।

उन्होंने कहा कि युवाओं से मैं अनुरोध करता हूं कि पिछले पांच सालों में, आपने देखा कि किस तरह आपके अधिकारों को छीनकर सत्ता में बैठे लोगों ने सिर्फ अपने हित साधे। जब आप वोट डालने जाएं, तो यह याद रखें कि आपके अधिकारों की मांग करने पर कैसे आपको दमन का सामना करना पड़ा। यह चुनाव एक संदेश देने का अवसर है। हम अपने अधिकारों के लिए लड़ेंगे और उन्हें बचाएंगे।

उन्होंने माताओं व बहनों से अपील करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने आपके सम्मान और सुरक्षा के साथ जैसा खिलवाड़ किया,आपको डर के साए में जिस तरह से रहने को मजबूर किया है, वह बर्दाश्त करने योग्य है क्या? मैं आपसे वादा करता हूं कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार आपके सम्मान और अधिकारों से कभी समझौता नहीं करेगी, आपके लिए सुरक्षित अपराध मुक्त वातावरण तैयार करेगी।

झारखंड के प्रत्येक नागरिक से मेरी विनम्र अपील है कि लोकतंत्र के इस पावन पर्व में अपने सबसे बड़े अधिकार मताधिकार का प्रयोग करें। इस सरकार को उखाड़ फेंके जिसने आपके सपनों और आकांक्षाओं के साथ विश्वासघात किया। भारतीय जनता पार्टी को एक बार फिर से झारखंड को विकास, प्रगति और उन्नति के रास्ते पर ले जाने का अवसर दें। आपका यह एक निर्णय झारखंड का भविष्य संवार सकता है।

—————