रिम्स के डाक्टरों ने एचआईवी पॉजिटिव मरीज के पित्ताशय की थैली का किया सफल ऑपरेशन 

रिम्स के डाक्टरों ने एचआईवी पॉजिटिव मरीज के पित्ताशय की थैली का किया सफल ऑपरेशन 

रांची, 11 नवम्बर (हि.स.)। रिम्स सर्जरी विभाग के चिकित्सकों ने एक एचआईवी पॉजिटिव मरीज के पित्ताशय की थैली (लेप्रोस्कोपिक कोलेसिस्टेक्टोमी) का सफल ऑपरेशन किया।

रिम्स से सोमवार को मिली जानकारी के अनुसार गिरिडीह के बिरने की 46 वर्षीय महिला पित्त की पथरी (कोलेलिथियसिस) के कारण गंभीर दर्द से पीड़ित थी और एचआईवी पॉजिटिव होने के कारण उसे कई अस्पतालों से निराशा हासिल हुई थी और उसकी सर्जरी नहीं हो पा रही थी। रिम्स पहुंचने पर महिला को सर्जरी विभाग मंउ प्रो (डॉ) संदीप कुमार के यूनिट में भर्ती किया गया| ऑपरेशन की तत्काल आवश्यकता को समझते हुए डॉ. कुमार और उनकी टीम ने न्यूनतम इनवेसिव दृष्टिकोण का विकल्प चुना और लेप्रोस्कोपिक तकनीक का उपयोग करके सर्जरी कुशलता से पूरा किया। इस प्रक्रिया में सटीकता और तेजी से रिकवरी के लिए दूरबीन का उपयोग किया जाता है।

रिम्स के पीआरओ डॉ राजीव रंजन ने बताया कि मरीज अब पूरी तरह से ठीक हो गई है और उसने रिम्स में मिली देखभाल के लिए आभार व्यक्त किया है। यह मामला रोगियों की चिकित्सा पृष्ठभूमि की परवाह या किसी भेदभाव के बिना गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने के लिए रिम्स की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।

टीम में सर्जरी विभाग के डॉ. नमन माहेश्वरी, डॉ. कृति लता परम्बा, डॉ. सत्यम और निश्चेतना टीम से डॉ. मुकेश, डॉ. सौरभ, डॉ. नेहा, डॉ. गायत्री, डॉ. सरवर, डॉ. ऋचा शामिल थीं।

—————