जनजातीय पुस्तकालय निर्माण में हो रहे विलंब पर छात्रों ने दी आंदोलन की चेतावनी

जनजातीय पुस्तकालय निर्माण में हो रहे विलंब पर छात्रों ने दी आंदोलन की चेतावनी

खूंटी, 19 नवंबर (हि.स.)। बिरसा कॉलेज खूंटी में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े छात्र संगठनों के विद्यार्थियों ने मंगलवार को जिला संयोजक प्रकाश टूटी के नेतृत्व में कॉलेज की प्राचार्या जीके किड़ो से मिलकर उन्हें जनजातीय पुस्तकालय निर्माण में तेजी लाने के संबंध में ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में विद्यार्थियों ने कहा है कि केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत जनजातीय पुस्तकालय के निर्माण में हो रही देरी से छात्रों में रोष है। पुस्तकालय की कमी से उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग नहीं मानी गई, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

छात्र नेता प्रकाश टूटी ने कहा कि हम शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रख रहे हैं लेकिन यदि हमारी मांगों की अनदेखी की गई, तो हम कोई भी कदम उठाने के लिए तैयार हैं। कॉलेज प्रशासन ने अभी तक इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष सौरभ ने कहा कि यह योजना जनजातीय मंत्रालय के माध्यम से फरवरी माह में तत्कालीन केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा द्वारा शिलान्यास किया गया था लेकिन बिरसा कॉलेज की प्राचार्या द्वारा उपयुक्त स्थान नहीं देने के कारण आज कॉलेज के हजारों छात्र इस पुस्तकालय से वंचित हैं। यदि इस पुस्तकालय को बनाने में विलंब होता है तो योजना के वापस होने की संभावना है।

—————