सदस्यता अभियान में जिला यमुनानगर को नंबर वन बनांए कार्यकर्ता: मोहन लाल बडौली

सदस्यता अभियान में जिला यमुनानगर को नंबर वन बनाएं कार्यकर्ता: मोहन लाल बड़ौली 

यमुनानगर, 26 नवंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने जिला यमुनानगर भाजपा संगठन की ऑनलाइन वर्चुअल बैठक में भाजपा सदस्यता अभियान की समीक्षा की।

मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने वर्चुअल ऑनलाइन बैठक में जिला कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जिला यमुनानगर फिलहाल हरियाणा में भाजपा की प्राथमिक सदस्यता के मामले में पांचवें नंबर पर है। जिला यमुनानगर में अभी तक लगभग 1 लाख प्राथमिक सदस्य बनाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि जिला यमुनानगर के भाजपा कार्यकर्ता मेहनत करके जिला यमुनानगर को भाजपा सदस्यता के मामले में हरियाणा प्रदेश में नंबर एक की पोजीशन पर लेकर आएं।

उन्होंने कहा कि भाजपा का सक्रिय सदस्य बनने के लिए प्रत्येक प्राथमिक सदस्य को 100 सदस्य अपने रेफरल कोड से बनाना जरूरी है व प्रत्येक बूथ पर 250 सदस्य अवश्य बनाने हैं। जिस बूथ का टारगेट पूरा हो गया हो वह 2 अन्य बूथों को कोशिश करके टारगेट तक पहुंचाने का कार्य करें।

उन्होंने 75वें संविधान दिवस की भाजपा पदाधिकारीगण व कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत का संविधान दिवस भारत रत्न स्वर्गीय डॉ. भीमराव अंबेडकर की देन है। बीजेपी पार्टी के स्तर पर संविधान दिवस के कार्यक्रम होंगे, जिसमें सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को शामिल होना है। सदस्यता करने को लेकर हर विधानसभा क्षेत्र के सबसे ज्यादा प्राथमिक सदस्य बनाने वाले 10 भाजपा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा व यह सदस्यता अभियान का लक्ष्य 30 नवम्बर तक पूरा करना है। भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री फनींदर नाथ शर्मा ने 75 वें संविधान दिवस की बधाई दी व भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि जिला यमुनानगर के सभी मंडल अध्यक्ष अपने अपने मंडल के शक्ति केंद्र प्रमुखों व बूथ प्रमुखों से बात करके सदस्यता अभियान का लक्ष्य हासिल करने में तेजी लाएं। ओनलाइन वर्चुअल बैठक का संचालन भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रीमती अर्चना गुप्ता ने किया।