राम जन्मभूमि में श्रीतुलसीदास मंदिर के शिखर का हुआ पूजन
परिसर में अगले वर्ष के अंत तक 18 और मंदिर बन जाएंगे
अयोध्या, 24 दिसंबर (हि.स.)। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में श्रद्धालु सुविधा केन्द्र भवन के निकट श्रीराम चरित मानस के प्रणेता संत तुलसीदास जी का मंदिर तैयार किया जा रहा है। रविवार को इसके शिखर का पूजन किया गया।
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2025 के अंत तक परिसर में 18 और मंदिर बनकर तैयार हो जाएंगे। मन्दिर के चारों ओर परकोटा इनमें राम दरबार, दक्षिण पश्चिम कोने पर भगवान सूर्य, पश्चिम उत्तर में भगवती, उत्तर पूर्व भगवान शंकर, पूर्व उत्तर में गणपति मन्दिर, दक्षिण भुजा के बीच हनुमान जी, उत्तरी भुजा के बीच में माता अन्नपूर्णा का मंदिर, शेष अवतार के रुप में लक्ष्मण मंदिर, महर्षि विश्वामित्र व वाल्मीकि, महर्षि वशिष्ठ, महर्षि अगस्त को समर्पित एक मंदिर स्थापित होंगे। साथ माता शबरी, माता अहिल्या और तुलसीदास जैसे मंदिर शामिल हैं। लगभग इन सभी मंदिरों में 60 से 70 प्रतिशत के कार्य पूर्ण हो चुके हैं। मंदिर परिसर में चार द्वार बनाए जाएंगे। इसके अलावा, मंदिर परिसर में ऑडिटोरियम, विश्राम गृह और ट्रस्ट का कार्यालय भी बनाया जाएगा।