सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में उपस्थित रहें चिकित्सक: उपायुक्त
खंटी, 27 दिसंबर (हि.स.)। जिले के उपायुक्त लोकेश मिश्र ने चिकित्सकों केा सख्त निर्देश दिया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में उपस्थित रहें। उपायुक्त ने अस्पतालों में साफ-सफाई को प्राथमिकता देने का भी निर्देश अस्पताल प्रबंधन को दिया।
उपायुक्त शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में मुख्य रूप से अस्पतालों में साफ़-सफाई, चिकित्सक और नर्सों की उपस्थिति, मरीजों की जांच, मशीनों का शत प्रतिशत इस्तेमाल, रोगी कल्याण समिति की नियमित बैठक, एमटीसी बेड की शत प्रतिशत ऑक्यूपेंसी, ओपीडी-आइपीडी का संचालन, एएनसी रजिस्ट्रेशन, सिकल सेल, लक्ष्य के अनुरूप आयुष्मान कार्ड निर्माण और मरीजों को इसका लाभ देने सहित अन्य विषयों की समीक्षा की गयी।
उपायुक्त ने प्राथमिकता के आधार पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में व्यवस्थाओं को दुरुसत करने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि नियमानुसार प्रतिदिन के रोस्टर का निर्धारण किया जाए। ताकि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में आनेवाले मरीजों को इलाज कराने में समस्या न हो।
समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि बिना किसी कारण के समान्य मामलों को चिकित्सक रेफर न करें। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के स्तर से संभव इलाज को प्राथमिकता के आधार पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ही करें ताकि मरीजों को अस्पतालों का चक्कर लगाना ना पड़े। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमारी, , सिविल सर्जन डॉ नागेश्वर मांझ सहित सभी एमओआइसी उपस्थित थे।
—————