प्रभु यीशु मानव जाति के मसीहा और मुक्तिदाता हैं: बिशप विनय कंडुलना
खूंटी, 25 दिसंबर (हि.स.)। प्रभु यीशु के जन्मोत्सव पर मनाए जाने वाले क्रिसमस का त्योहार खूंटी और आसपास के क्षेत्रों में बुधवार को धूमधाम से मनाया गया। प्रभु यीशु के जन्मोत्सव पर मसीही विश्वासियों में उल्लास का वातावरण व्याप्त है। इस अवसर पर शहर के आरसी चर्च, जीईएल चर्च और सीएनआई चर्च में बुधवार सुबह अलग-अलग समय पर आयोजित क्रिसमस की विशेष आराधना और अनुष्ठान के बाद विश्वासियों ने एक दूसरे को क्रिसमस की बधाई दी।
इस अवसर पर शहर के उक्त तीनों चर्चों के साथ ही ईसाई बहुल मुहल्लों को सजाया गया है। जगह-जगह सामूहिक नाच-गान का आयोजन कर विश्वासियों ने प्रभु के आगमन काल की खुशियां मनाई।
इससे पूर्व आरसी चर्च में सुबह सात बजे आयोजित विशेष मिस्सा अनुष्ठान के दौरान अपने संदेश में बिशप विनय कंडुलना ने कहा कि प्रभु यीशु समस्त मानव जाति के मसीहा और गरीब एवं दबे कुचले लोगों के मुक्तिदाता हैं। वे पापों को क्षमा करने वाले और शांति के दूत हैं। उन्होंने लोगों से प्रभु यीशु के संदेश प्रेम और शांति को आत्मसात कर जरूरतमंदों की मदद व सेवा करने की अपील की। मौके पर फादर विजय मिंज, फादर विशु बेंजामिन आईंद सहित अन्य धर्म गुरु और मसीही समुदाय के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
दूसरी ओर मार्टिन बांग्ला स्थित सीएनआई चर्च में पादरी पतरस पूर्ति की अगुवाई में आयोजित धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान प्रभु भोज विधि, बाइबल पाठ, यीशु जन्म के गीत, प्रार्थना सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित हुए। इस दौरान देश में एकता और शांति के लिए प्रार्थना की गई। जीईएल चर्च में आयोजित आराधना कार्यक्रम में पादरी ओबेद सोरेंग, पादरी जीरेन संगा और पादरी नमन लुगुन के नेतृत्व में समस्त धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए।
—————