चंडीगढ़ में बिजली निजीकरण के विराेध में फतेहाबाद के कर्मचारियाें ने किया प्रदर्शन

चंडीगढ़ में बिजली निजीकरण के विराेध में फतेहाबाद के कर्मचारियाें ने किया प्रदर्शन

फतेहाबाद, 20 दिसंबर (हि.स.)। नेशनल कॉर्डिनेशन कमेटी ऑफ इलेक्ट्रिसिटी एम्पलॉइज एंड इंजीनियर्स के आह्वान पर सरकार द्वारा चंडीगढ़ व यूपी के कानपुर और वाराणसी के बिजली क्षेत्र को निजी हाथों में देने के विरोध में बिजली कर्मचारियों द्वारा शुक्रवार को फतेहाबाद में रोष प्रदर्शन किया गया। ऑल हरियाणा पावर कारपोरेशन वर्कर यूनियन फतेहाबाद यूनिट के कर्मचारियों द्वारा विरोध गेट मीटिंग की गई, जिसकी अध्यक्षता यूनिट प्रधान अमित शर्मा ने की व संचालन यूनिट सचिव रामनिवास शर्मा ने किया। बैठक को संबोधित करते हुए सर्कल सचिव भूप सिंह भड़ोलावाली ने बताया कि केंद्र सरकार ने चंडीगढ़ बिजली निगम को प्राइवेट हाथों में देने का फैसला कर लिया है। चंडीगढ़ बिजली निगम फायदे में होते हुए भी केंद्र सरकार जबरदस्ती प्राइवेट कंपनियों को बेचने जा रही है। चण्डीगढ़ बिजली क्षेत्र का टोटल एसेट लगभग 25 हजार करोड़ रुपए का है और सरकार अपने चहेतों को फायदा पहुंचाने के लिए इसको केवल 871 करोड़ में बेचने जा रही है। इसके अलावा अन्य सार्वजनिक उपक्रमों की सम्पतियों को बर्बाद करने पर तुली हुई है। उन्होंने कहा कि यह बिजली का ढांचा बड़ी मेहनत के साथ खडा किया गया था। सरकार अपनी कमजोरियां छिपाने के लिए सब कुछ बेचने पर आमादा है, जो आम जनता के हित में नहीं है। इससे आने वाले समय में महंगी बिजली खरीदने पर आम उपभोक्ता मजबूर होगा। नेशनल कोआर्डिनेशन कमेटी ऑफ इलेक्ट्रिसिटी एम्पलॉइज एंड इंजीनियर्स ने फैसला किया है कि सरकार के निजीकरण के फैसले के खिलाफ पूरे देश में विरोध किया जाएगा, जिसके लिए 25 दिसंबर को बड़ी महापंचायत चण्डीगढ़ में बुलाई गई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा बिजली निगम मैनेजमेंट में हरियाणा के बिजली कर्मचारियों की ड्यूटी चंडीगढ़ में लगाई है, उसका यूनियन विरोध करती है और हरियाणा से कोई भी बिजली कर्मचारी चंडीगढ़ में ड्यूटी नहीं करेगा। यदि निगम मैनेजमेंट ने कर्मचारियों से जबरदस्ती की या किसी कारण से दुर्घटना हुई तो हरियाणा में भी बड़ा आन्दोलन होगा। अमित शर्मा ने बताया कि बिजली निगम में बड़ी संख्या में पद खाली पड़े हैं जिसमें पक्की भर्ती की जानी चाहिए और विभाग में कार्यरत कच्चे कर्मचारियों को पॉलिसी बनाकर पक्का किया जाए। बिजली मानव जीवन का अहम अंग बन चुकी है। विभाग में कार्यरत कर्मचारियों को सुरक्षा औजार जल्द दिए जाए। 24 घंटे सप्लाई चालू करने के लिए फील्ड में भी शिफ्टों में कर्मचारी नियुक्त करने का प्रावधान करना चाहिए। विरोध गेट मीटिंग को कुलदीप सिंह, सुरेश कुमार, सुशील कुमार, रेखा रानी, रणजीत सिंह, अर्शप्रीत सिंह, संजय कुमार व धर्मवीर सिंह ने भी संबोधित किया।