उप्र की राज्यपाल ने बाल विवाह और दहेज प्रथा जैसी कुप्रथाओं पर रोक लगाने पर दिया जोर
शाहजहांपुर, 24 दिसंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल मंगलवार को जनपद शाहजहांपुर पहुंचीं और विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा की। साथ ही उन्होंने बाल विवाह, दहेज प्रथा जैसी कुप्रथाओं को रोक लगाने पर जोर दिया।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि 70 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनने की प्रक्रिया में तेजी लायी जाए। सरकारी एवं निजी अस्पतालों का नियमित निरीक्षण हो। सरकारी एवं निजी अस्पतालों में गर्भवती महिलाओं की डिलीवरी का डाटा इकट्ठा किया जाए। प्रयास करें कि अस्पतालों में ही डिलीवरी हो। डिलीवरी से पहले मातृ एवं शिशु की मृत्यु के संबंध में डाटा इकट्ठा करके अध्ययन किया जाए कि सभी चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध होने के कारण भी इतनी मृत्यु क्यों हो रही है। एचपीवी वैक्सीन 9-14 साल की किशोरियों को लगाई जाए जिससे गर्भाशय-ग्रीवा कैंसर की रोकथाम हो सके।
राज्यपाल ने राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत गोद लिए गए मरीजों के संबध में जानकारी लेते हुए उन्होंने निर्देशित किया कि फल, पोषण पोटली, तिल एवं मिलेट्स के लड्डू आदि टीवी के मरीजों को वितरित किया जाए। ओद्योगिक क्षेत्र के लोगों, संगठनों, बैंकर्स आदि के माध्यम से क्षय मरीजों को गोद ले कर संख्या बढ़ाई जाए। उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्रों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी केन्द्रों में हॉटकुक बनाने का सत्यापन किया जाए। सुपरवाइजर, सीडीपीओ नियमित निरीक्षण करें, लर्निंग लैबों का डिग्री कॉलेज के माध्यम से रिसर्च करें।
उन्होंने शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए एक अप्रैल से स्कूल जाने वाले सभी बच्चों का विद्यालयों में नामांकन करने, 30 सितंबर को जन्में बच्चों का प्राथमिक विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में एडमिशन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूल में बच्चों के ड्रॉपआउट बहुत बड़ी समस्या है। विशेष तौर पर कार्य करें ताकि ड्रॉपआउट शून्य हो।
उन्होंने कृषि विभाग द्वारा चलाई जा रही योजना के संबंध में जानकारी ली। पत्रों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ मिले। किसानों को फसल अवशेष न जलाने के लिए जागरूक करें। उन्होंने निर्देश दिए कि किसानों को समय से खाद, बीज और दवाई मिले। उन्होंने जैविक खेती करने पर जोर देते हुए कहा कि जो लोग जैविक खेती कर रहे हैं, उनके आंकड़े इकट्ठा कर और आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराई जाएं।
राज्यपाल ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत अंत्याेदय एवं पात्र गृहस्थी राशन कार्ड के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम को बढ़ावा देने और प्रशिक्षण प्राप्त युवकों को रेलवे सहित अन्य क्षेत्रों में रोजगार दिलाया जाने के निर्देश देए।
उन्होंने बाल विवाह, दहेज प्रथा जैसी कुप्रथाओं को रोकने लगाने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि जिलाधिकारी , मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला प्रोवेशन अधिकारी के नंबर गांव में गोपनीय तरीके से महिलाओं को दिए जाएं ताकि ऐसी कुप्रथा पर रोक लग सके। राज्यपाल ने कहा कि सभी विभागों द्वारा अच्छे कार्यों की सक्सेस स्टोरी बनाई जाए। उन्होंने कहा कि देश को आगे बढ़ाने के लिए लोगों को शिक्षित एवं स्वस्थ होना बहुत जरूरी है।
—————