महतारी वंदन योजना से महिलाएं हो रही आर्थिक रूप से सशक्त : वित्तमंत्री ओपी चौधरी

महतारी वंदन योजना से महिलाएं हो रही आर्थिक रूप से सशक्त : वित्तमंत्री ओपी चौधरी

रायगढ़, 23 दिसंबर (हि.स.)। पीएम नटवर स्कूल, रायगढ़ में आज साेमवार काे महतारी वंदन योजना से लाभान्वित हितग्राहियों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं को शाल-श्रीफल प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी वर्चुअल रूप से जुड़े रहे। सम्मान समारोह में सासंद राधेश्याम राठिया, नेता प्रतिपक्ष नगर निगम पूनम सोलंकी, सुभाष पाण्डेय, शोभा शर्मा, कलेक्टर कार्तिकेया गोयल, सीईओ जिला पंचायत जितेन्द्र यादव, डीपीओ एल.आर.कच्छप सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि बहुत खुशी की बात है कि शासन को महतारी वंदन योजना को संचालित करते हुए 10 माह हो गया है और आज हितग्राही महिलाओं का सम्मान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव के नेतृत्व में देश की सबसे बड़ी योजना के माध्यम से आज 70 लाख से अधिक महिलाओं को इसका लाभ मिल रहा है, इसके साथ ही जिले में तीन लाख से अधिक महिलाओं का पंजीयन है वहीं 277 करोड़ से अधिक रुपये सीधे उनके खाते में प्रदान कर महिलाओ को सशक्त करने का कार्य किया है। जिससे महिलाएं घर की जिम्मेदारी बखूबी निभाने के साथ ही आर्थिक रूप से सशक्त हो रही है।

वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि हम सबको मिलकर जिले के विकास के लिए काम करते हुए रायगढ़ को नई ऊंचाई तक पहुंचना है। आज सरकार किसानों के हित में 31 सौ रुपए पर प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी कर रही। वहीं 18 लाख परिवारों को पीएम आवास से लाभान्वित कर रही है। रामलला दर्शन योजना से श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम ले जाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहर में सड़कों का डामरीकरण किया जा रहा है, रिंग रोड का निर्माण किया जाएगा। जिले एवं शहर में विकास के लिए निरन्तर कार्य किए जायेंगे।

वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए रायगढ़ में नालंदा परिसर का निर्माण करवाया जा रहा है। इसी प्रकार रायगढ़ में प्रयास आवासीय विद्यालय संचालित हो रहा है, जहां 9 वीं से बारहवीं तक नि:शुल्क शिक्षा के साथ विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों की सुविधा प्रदान की जाती है। उन्होंने महिलाओं से कहा कि अपने बच्चों को प्रयास आवासीय विद्यालय में प्रवेश के लिए अच्छे से तैयारी करवाएं ताकि अधिक से अधिक बच्चों को इस विद्यालय का लाभ मिल सके सके। उन्होंने कहा शहर में दीदी सदन के साथ अन्य स्थानों में महिलाओं को बेहतर एवं सुव्यवस्थित भवन प्रदान करने महतारी सदन का निर्माण किया जा रहा है।

लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए महतारी वंदन योजना का संचालन कर रही है। जिससे निश्चित तौर पर महिलाएं सशक्त हुई है। महतारी वंदन योजना से महिलाएं अपनी छोटी बड़ी जरूरतों को पूरा करने के साथ ही बचत कर पा रही है। बचत की राशि से पेंशन योजना का लाभ ले रही है और बेटियों के नाम पर सुकन्या समृद्धि योजना में जमा कर रही है ताकि बच्चों का भविष्य सुरक्षित हो सके। मौके पर उन्होंने महिला एवं बाल विकास, श्रम विभाग राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन इंडिया पोस्ट, स्वास्थ्य, आयुष जैसे विभिन्न स्टालों का अवलोकन भी किया। साथ ही उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान में हिस्सा लेकर अपना हस्ताक्षर भी किए।

—————