जबलपुर सेंट्रल जेल में ठंड से ठिठुर रहे कैदी, आयोग ने संज्ञान लेकर मांगा प्रतिवेदन

जबलपुर सेंट्रल जेल में ठंड से ठिठुर रहे कैदी, आयोग ने संज्ञान लेकर मांगा प्रतिवेदन

जबलपुर, 24 दिसंबर (हि.स.)। जिले के नेताजी सुभाष चंद्र बोस सेंट्रल जेल में कैदी और बंदी कड़ाके की ठंड में अव्यवस्थाओं के बीच सारी रात जेल के भीतर ठिठुर रहे हैं। बैरक एवं खंड में जेल कर्मचारियों की हीलाहवाली के चलते कैदी बगैर पर्याप्त इंतजाम (कंबल) के बैरक में बैठकर रात गुजार रहे हैं। जेल के सभी बैरकों में कंबल को लेकर रोज लड़ाई झगड़े व तनातनी हो रही है।

बंदियों को बैरक के भीतर बिछाने और ओढ़ने के लिए जेल प्रशासन सिर्फ 2 से 3 कंबल देता है। ठंड में एक कंबल बिछाने और 2 ओढ़ने के लिए पर्याप्त नहीं हैं, जबकि जेल अधिकारियों ने सभी कैदियों को ठंड से बचाने के लिए पर्याप्त मात्रा में कंबल देने के निर्देश दिए हुए हैं। निर्देश सहित समुचित व्यवस्था होने के बाद भी जेल कर्मचारी कैदियों को कंवल उपलब्ध नहीं करा रहे हैं।

मप्र मानव अधिकार आयोग के क्षेत्रीय कार्यालय ने मामले में संज्ञान लेकर मध्‍यप्रदेश मानव अधिकार आयोग की मुख्यपीठ भोपाल में प्रकरण की सुनवाई करते हुए, अध्यक्ष मनोहर ममतानी व सदस्य राजीव कुमार टंडन की युगलपीठ ने मानव अधिकारों के हनन का मामला मानकर, मप्र के डीजी जेल व जबलपुर के जेल अधीक्षक से मामले की जांच कराकर, कैदियों को ठंड से किये गये बचाव के संबंध में की गई कार्यवाही का एक माह में प्रतिवेदन मांगा है।

—————