पुलिसिया दमन के खिलाफ धरना प्रदर्शन, 8 सूत्री मांग पत्र सौंपा गया
पलामू, 23 दिसंबर (हि.स.)।उत्पीड़न विरोधी मोर्चा पलामू ने कचहरी परिसर में सोमवार को बाबा साहेब डा. भीमराव अंबेडकर के अपमान, केन्द्र सरकार के जरिये नई कृषि बाजार और विपणन नीति 2024 को वापस लेने, कौशिक रंजन हत्याकांड की सीबीआई जांच करने एवं पाण्डू-पाटन थाना प्रभारी के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के खिलाफ बर्खास्त कर गिरफ्तार करने सहित आठ सूत्री मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता झारखंड क्रांति मंच के संस्थापक सह केन्द्रीय अध्यक्ष शत्रुघ्न कुमार शत्रु ने की। संचालन क्रांतिकारी किसान यूनियन के बृजनन्दन मेहता ने किया। इससे पहले अंबेडकर पार्क से प्रदर्शन करते हुए कार्यकर्ता उपायुक्त कार्यालय के समक्ष पहुंचे और आक्रोशपूर्ण नारेबाजी करते हुए एक दिवसीय धरना दिया। सभा में लेस्लीगंज की पूर्व जिला पार्षद निर्मला कुमारी, भाकपा माले मांस लाइन के डा. अनिल मिस्त्री, माले के राज्य सदस्य का. बिरजु राम, किसान सभा के प्रदीप विश्वकर्मा, बहुजन समाज पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष अजय कुमार भारती, राजद किसान मोर्चा के अध्यक्ष ईश्वरी मेहता, पूर्व प्रत्याशी महावीर सिंह चंद्रबशी, झारखण्ड क्रांति मंच के केन्द्रीय प्रधान महासचिव रविन्द्र कुमार रवि, केन्द्रीय महासचिव सदीक अंसारी, विजय कुमार, केन्द्रीय उपाध्यक्ष रामनरेश राम, पलामू जिलाध्यक्ष विजय राम, समाजिक न्याय परिषद के अध्यक्ष रवि पाल,बौद्ध महासभा के प्रदेश प्रभारी रामप्रसाद बौद्ध, समेत गहरपथरा, सगुना, कजरूकला, रबदा व कुटमू के ग्रामीणों ने पुलिसिया उत्पीड़न को मार्मिक तरीके से रखा।
सभा को जन संग्राम मोर्चा के केन्द्रीय अध्यक्ष युगल किशोर पाल, जेकेएम के केन्द्रीय अध्यक्ष शत्रुघ्न कुमार शत्रु ने कहा कि अगर हमारी मांगों पर विचार नहीं हुआ तो हम मुख्यमंत्री झारखंड के समक्ष आन्दोलन को मजबूर होंगे। हम हर हाल में कौशिक रंजन हत्याकांड की सीबीआई जांच कर हत्यारों को गिरफ्तार करने के लिए सरकार से पहल करने की मांग करते हैं। धरना के बाद आठ सूत्री मांग पत्र उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति को भेजा गया।
—————