दाे दिन प्रदेश के 6 संभागों में बारिश-ओले संभव, नए पश्चिम के सक्रिय होने से बदलेगा मौसम

दाे दिन प्रदेश के 6 संभागों में बारिश-ओले संभव, नए पश्चिम के सक्रिय होने से बदलेगा मौसम

जयपुर, 25 दिसंबर (हि.स.)। नया पश्चिम विक्षोभ एक्टिव होने से प्रदेश के 6 संभागों में बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना है। राज्य में 26 दिसंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से उदयपुर, अजमेर, कोटा, जयपुर, भरतपुर व बीकानेर संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ हल्के से मध्यम बारिश होने की संभावना है। तंत्र का सर्वाधिक असर 27 दिसंबर को रहने तथा कुछ भागों में मेघगर्जन, बारिश व कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की संभावना है। 28 दिसंबर को कोटा, भरतपुर संभाग में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने व शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। 29 दिसंबर से मौसम शुष्क होगा तथा कहीं-कहीं घना कोहरा छाए रहने व तापमान में गिरावट होने की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि प्रदेश में फिर से सक्रिय हो रहे पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से जयपुर सहित करीब दो दर्जन शहरों में हल्के से मध्यम बारिश हो सकती है। 27 दिसम्बर को बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है। प्रदेश के 13 शहरों का रात का पारा 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। 3.8 डिग्री के साथ माउंट आबू की रात सबसे सर्द रही। शेखावाटी के साथ पश्चिम राजस्थान के कई शहरों में सुबह घना कोहरा नजर आया। 23.4 डिग्री के साथ बाड़मेर का दिन और 14.9 डिग्री के साथ डूंगरपुर की रात सबसे गर्म रही।

जयपुर में बादलों का डेरा बरकरार, हवा से सर्दी का असर बरकरार

जयपुर में पिछले दो दिन से बादलों ने डेरा डाला हुआ है। लगातार चल रही हवाओं से जयपुर में सर्दी का असर बरकरार है। बुधवार को भी आसमान में बादल छाए रहे और हवाएं चली। सर्द हवाओं ने आमजन को गर्म कपड़ों में लिपटाए रखा। बादल छाए रहने और हवाएं चलने के बीच जयपुर के दिन के पारे में एक डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। लेकिन सर्दी का असर बना रहा। जयपुर का अधिकतम तापमान 21.8 और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर के आस-पास के ग्रामीण इलाकों में सुबह हल्का कोहरा नजर आया।

—————