कांग्रेस ने निकाली सद्भावना यात्रा
खूंटी, 26 दिसंबर (हि.स.)। कर्नाटक के बेलगाम में 1924 के हुए अधिवेशन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष चुने जाने के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के निर्देश पर गुरुवार को कांग्रेस के खूंटी जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने खूंटी से दतिया तक सद्भावना यात्रा निकाली।
मौके पर कांग्रेस के जिला प्रभारी अमूल्य नीरज खलखो भी उपस्थित थे। सद्भावना यात्रा के बाद कार्यकर्ताओं ने महात्मा गंधी की प्रतिमा पर माल्यर्पण कर उन्हे नमन किया और गांधीजी के बताये मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। बाद में अस्पताल में मरीजों के बीच फलों का वितरण कर सद्भावना दिवस मनाया गया। मौके पर जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा ने कहा कि आज संपूर्ण कांग्रेस परिवार के लिए उत्साह और उल्लास का दिन है। गांधी जी के अध्यक्ष बनने के सौ वर्ष पूरे होने पर पूरे देश में शताब्दी समारोह मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आजादी और कार्यकर्ताओं को संगठित करने का जो गुण महात्मा गांधी जी में था, वह किसी में नहीं था। उनके अध्यक्ष बनने का हम शताब्दी समारोह बना रहे हैं।उन्होंने कहा कि यदि गांधी नहीं होते, तो हम आज भी गुलाम रहते। जिला प्रभाारी अमूल्य नीरज खलखो ने कहा कि महात्मा गांधी जी की अध्यक्षता में कांग्रेस कमेटी अपनी सर्वोच्च ऊंचाई पर थी। तब के कार्यकर्ताओं में जोश ओर उमंग की कमी नहीं थी। अभी भी नहीं है, पर उस समय की स्थिति भारत को आजादी दिलाने की थी।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने अध्यक्ष बनकर कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया था जिसका परिणाम आजादी के रूप में आज हम देख पा रहे हैं।
मौके पर कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।
—————