फतेहाबाद में जमकर हुई ओलावृष्टि, बर्फ से सफेद हुई सड़के

फतेहाबाद में जमकर हुई ओलावृष्टि, बर्फ से सफेद हुई सड़के

फतेहाबाद, 27 दिसंबर (हि.स.)। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का नजारा शुक्रवार दोपहर बाद फतेहाबाद में भी देखने को मिला। यहां सुबह से हुई बरसात के बाद दोपहर को कई इलाकों में जमकर ओले पड़े। आसमान से गिरे ओलों के कारण सडक़ें सफेद बर्फ के गोलों से ढकी नजर आई। ओलावृष्टि से ठंड में भी बढ़ोतरी हो गई है। इस ओलावृष्टि से फसलों को भी नुकसान का समाचार है। फतेहाबाद के गांव धांगड़, चबलामोरी, भिरड़ाना, सालमखेड़ा, धारणिया, माजरा, बीघड़, झलनियां के अलावा शहर के भूना रोड सहित कई गांवों में ओलो की चद्दर बिछी दिखी। बारिश के साथ-साथ ओलावृष्टि ने किसानों के अरमानों पर पानी फेर दिया। ओलावृष्टि से खेतों में लगी फसलों को व्यापक नुकसान हुआ है। सबसे ज्यादा नुकसान तिलहन और सब्जियों की फसलों को हुआ है। बता दें कि मौसम विभाग ने बीते गुरुवार को संभावना जताई थी कि प्रदेश में भारी बारिश के साथ-साथ ओलावृष्टि हो सकती है। मौसम विभाग ने अनुमान लगाया था कि प्रदेश में आज से हवा बदल जाएगी। इससे पूरे प्रदेश में वर्षा की संभावना हैं।