हिमाचल के पहले संघचालक पं. जगन्नाथ शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित

हिमाचल के पहले संघचालक पं. जगन्नाथ शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित

कुल्लू, 25 दिसंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ हिमाचल प्रदेश के पहले संघचालक स्व. पं. जगन्नाथ शर्मा को कुल्लू में संघ और समाज के विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में संघ के उत्तरक्षेत्र कार्यकारिणी सदस्य रामेश्वर दास ने पं. जगन्नाथ शर्मा के जीवन को प्रेरणास्त्रोत बताया।उन्हाेंने कहा कि पं. शर्मा का जीवन न केवल समाज और संगठन के लिए प्रेरणा देने वाला था, बल्कि उनका दृष्टिकोण और संकल्प भी हर किसी के लिए अनुकरणीय है।

रामेश्वर दास ने पं. जगन्नाथ शर्मा के जीवन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन अत्यधिक प्रेरणादायक था। उन्होंने लम्बी आयु जीने के साथ-साथ स्वस्थ जीवन जीने के तरीके को भी सबको दिखाया। पं. जगन्नाथ शर्मा का जीवन सफल था, साथ ही उन्होंने समाज और संगठन को एक दिशा दी। वे एक महान नेतृत्वकर्ता थे, जो हर किसी को संभालने की क्षमता रखते थे।

उल्लेखनीय है कि पं. जगन्नाथ शर्मा ने मरणोपरांत अपने शरीर को एम्स बिलासपुर को दान देने का संकल्प लिया था, जो महापुरुषों की विशेषता है। उनका यह संकल्प जीवन के प्रति उनकी गहरी सोच और मानवता के प्रति उनके समर्पण को दर्शाता है।

श्रद्धांजलि सभा में पं. जगन्नाथ शर्मा के अद्वितीय योगदान को याद करते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे. पी. नड्डा, हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों और संस्थाओं ने अपने शोक संदेश भेजें। इन संगठनों में हिमाचल शिक्षा समिति, सतलुज सेवा ट्रस्ट बिलासपुर, भारतीय किसान संघ, इस्कॉन, व्यापार मंडल, भारतीय जनता पार्टी, सेवा भारती, साहित्य परिषद, हिन्दू जागरण मंच, स्वदेशी जागरण मंच, शास्त्रा सोसाइटी, वनवासी कल्याण आश्रम, एकल विद्यालय अभियान और कई अन्य शामिल रहे।

श्रद्धांजलि सभा में उत्तर क्षेत्र प्रचारक प्रमुख बनवीर सिंह, विश्व हिन्दू परिषद के क्षेत्र मंत्री लेख राज राणा, प्रान्त प्रचारक संजय कुमार, सह प्रान्त संघचालक अशोक शर्मा, प्रान्त कार्यवाह डॉ. किस्मत कुमार और विभिन्न संगठन के कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।

—————