वीर बाल दिवस पर बरेली में संघ ने निकाला भव्य बाल संचलन

वीर बाल दिवस पर बरेली में संघ ने निकाला भव्य बाल संचलन

– गुरु गोविंद सिंह जी के साहिबजादों के बलिदान को किया गया नमन

बरेली, 25 दिसंबर (हि.स.) । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बरेली महानगर द्वारा वीर बाल दिवस के अवसर पर एक भव्य बाल संचलन का आयोजन किया गया। इस संचलन में 462 बाल स्वयंसेवकों ने भाग लिया। संचलन का आरंभ स्वयंवर बारात घर से हुआ और यह जनकपुरी गुरुद्वारे से होते हुए पुनः स्वयंवर बारात घर में संपन्न हुआ। मार्ग में बाल स्वयंसेवकों पर पुष्प वर्षा कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

इस अवसर पर संघ के ब्रज प्रांत संघचालक शशांक भाटिया मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने गुरु गोविंद सिंह जी के चार साहिबजादों के बलिदान को सनातन धर्म की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान बताते हुए कहा, “यह बलिदान हर पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। हमें इनकी स्मृतियों को जीवंत रखना चाहिए और इनके आदर्शों पर चलकर भारत को परम वैभव पर ले जाना चाहिए।”

कार्यक्रम में महानगर प्रचारक मयंक, विद्यार्थी प्रचारक आकाश, विभाग प्रचार प्रमुख धर्मेंद्र सचान, सह बौद्धिक प्रमुख सौरभ और महानगर बाल कार्य प्रमुख ऋतिक सहित कई अन्य प्रमुख स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

संचलन ने न केवल बच्चों में अनुशासन और संगठन की भावना जागृत की, बल्कि समाज में गुरु गोविंद सिंह जी के साहिबजादों के बलिदान की गाथा को पुनः जीवंत किया। इस आयोजन ने समाज को भविष्य के प्रति जागरूक और प्रेरित करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम अध्यक्ष हरीश अरोरा ने भी साहिबजादों के बलिदान को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका साहस और त्याग सदैव हमारे लिए प्रेरणा रहेगा।