उपायुक्त की मौजूदगी में अफीम की खेती को किया गया नष्ट
खूंटी, 30 जनवरी (हि.स.)। उपायुक्त लोकेश मिश्रा के नेतृत्व में जिले में अफीम के खेती विनष्टिकरण के लिए एक महीने तक चलने वाले व्यापक अभियान की शुरुआत गुरुवार को हुई।
अभियान के तहत गुरुवार को उपायुक्त ने अपनी मौजूदगी में मुरहू थाना क्षेत्र के डेहकेला और मुरूद ग्राम के प्लॉट नंबर 09 में 18.20 एकड़ भूखंड में लगी अफीम की खेती को नष्ट करवाया।
मौके पर वन प्रमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, मुरहू के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी सहित अन्य मौजूद थे। इस मामले में नौ रैयतों के विरुद्ध मुरहू थाने में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन के जरिये इस अभियान के माध्यम से अफीम की खेती करने वालों को कड़ा संदेश दिया गया कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उपायुक्त ने आम जनता से अपील की है कि अफीम की खेती सहित अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी प्रशासन को दें, ताकि जिले को अफीम मुक्त बनाया जा सके। उन्होंने जिले में अफीम की खेती त्यागकर लोगों से वैकल्पिक खेती करने की अपील की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अवैध अफीम की खेती मामले में संलिप्त लोगों को चिह्नित कर एफआइआर समेत अन्य कार्रवाई का निर्देश दिया।
—————