छत्‍तीसगढ़ में निरंतर धान खरीद का सिलसिला जारी

छत्‍तीसगढ़ में निरंतर धान खरीद का सिलसिला जारी

पंजीकृत किसानों के ल‍िए 25 जनवरी तक के लिए टोकन उपलब्ध

रायपुर, 1 जनवरी (हि.स.)। राज्य में 14 नवंबर से शुरू हुई धान खरीद का सिलसिला अनवरत रूप से जारी है। अब तक लगभग 90.07 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद हो चुकी है। धान खरीद के एवज में 18.12 लाख किसानों को बैंक लिकिंग व्यवस्था के तहत 20 हजार 035 करोड़ का भुगतान किया गया है। धान खरीद का यह अभियान 31 जनवरी 2025 तक चलेगी।

प्रदेश के समस्त पंजीकृत कृषकों को खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में धान विक्रय हेतु टोकन की सुविधा ऑनलाईन एप्प (टोकन तुंहर हाथ) एवं उपार्जन केन्द्रों में 25 जनवरी 2025 तक के लिए उपलब्ध कराया गया है। किसान सुविधा अनुसार तिथि का चयन कर नियमानुसार धान विक्रय कर सकते है।

धान खरीद के साथ-साथ मिलर्स द्वारा धान का उठाव भी तेजी से हो रहा है। धान उठाव के लिए लगभग 61 लाख मीट्रिक टन धान के लिए डीओ और टीओ जारी किया गया है, जिसके विरुद्ध अब तक 34.61 लाख मीट्रिक टन धान का उठाव कर लिया गया है।

खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि, इस खरीफ वर्ष के लिए 27.78 लाख किसानों द्वारा पंजीयन कराया गया है। इसमें 1.59 लाख नए किसान शामिल है। इस वर्ष 2739 उपार्जन केन्द्रों के माध्यम से 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीद अनुमानित है।

खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि, आज 1 जनवरी 2025 को 57893 किसानों से 2.66 लाख मीट्रिक टन धान खरीद की गई है। इसके लिए 74 हजार 760 से अधिक टोकन जारी किए गए थे। आगामी दिवस के लिए 81 हजार 927 टोकन जारी किए गए हैं।

—————