नामांकन वापसी को लेकर कलेक्टर कार्यालय में कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प
रायगढ़ , 31 जनवरी (हि.स.)।कलेक्टर कार्यालय में नामांकन वापसी के दौरान कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हो गई। दोनों पक्षों ने जमकर नारेबाजी की और माहौल तनावपूर्ण हो गया।मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 23 से कांग्रेस प्रत्याशी शरद महापात्र नामांकन वापसी के लिए कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। इसी दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वहां पहुंचे और नामांकन वापसी का विरोध करने लगे। इसी मुद्दे पर कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते झड़प में बदल गया।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने शरद महापात्र पर नामांकन वापस लेने का दबाव बनाया। जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया, तो भाजपा समर्थक झगड़े पर उतारू हो गए। कांग्रेस नेताओं ने यह भी सवाल उठाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में नामांकन वापसी की प्रक्रिया आखिर क्यों हो रही थी।
झड़प के बीच रिटर्निंग अधिकारी ने शरद महापात्र से उनकी स्वेच्छा से नामांकन वापसी के बारे में पूछा, तो उन्होंने इससे इनकार कर दिया। वहीं, खबर यह भी है कि वार्ड नंबर 45 के कांग्रेस पार्षद ने भी अपना नामांकन वापस ले लिया है। हालांकि, यह फैसला किसी दबाव में लिया गया या किसी अन्य कारण से, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस ने प्रशासन पर भाजपा के पक्ष में काम करने का आरोप लगाया है, जबकि भाजपा ने इन आरोपों को निराधार बताया है।